विकसित भारत की नींव गांवों से रखी जाएगी राज्यपाल कविंद्र गुप्ता,रामपुर में अंतरराष्ट्रीय लवी मेले का शुभारम्भ

विकसित भारत की नींव गांवों से रखी जाएगी राज्यपाल कविंद्र गुप्ता, रामपुर में अंतरराष्ट्रीय लवी मेले का शुभारम्भ

रामपुर/ शिमला 11 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब गांव समृद्ध होंगे, किसान खुशहाल बनेंगे और युवा आत्मनिर्भर होकर रोजगार सृजन में अपनी भूमिका निभाएंगे। विकसित भारत की यात्रा गांवों से शुरू होनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, आत्मनिर्भरता और तकनीकी प्रगति के नए दौर में आगे बढ़ रहा है।राज्यपाल बुधवार को रामपुर में करीब 400 वर्ष पुराने ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय लवी मेले का शुभारम्भ करने के बाद जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, मुद्रा योजना सहित केंद्र सरकार की स्वरोजगार योजनाओं का लाभ उठाकर रोजगार मांगने के बजाय रोजगार देने वाला बनने का आह्वान किया।राज्यपाल ने ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को बढ़ावा देने पर विशेष जोर देते हुए मेले में आने वाले लोगों से कम से कम एक स्थानीय उत्पाद खरीदने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों की खरीद से कारीगरों और छोटे कारोबारियों को आर्थिक मजबूती मिलेगी।

किन्नौरी टोपी, ऊनी वस्त्रों, हस्तशिल्प और कृषि उत्पादों को डिजिटल माध्यमों से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने की आवश्यकता है।उन्होंने लवी मेले को हिमाचल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक व्यापार और आपसी भाईचारे का प्रतीक बताया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और प्लास्टिक का उपयोग कम करने का आग्रह किया। इस दौरान उन्होंने रामपुर के पूर्व विधायक स्वर्गीय नंद लाल को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।इससे पूर्व उपायुक्त एवं मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष अनुपम कश्यप ने राज्यपाल का स्वागत करते हुए मेले की गतिविधियों की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि स्थानीय कलाकारों, स्वयं सहायता समूहों, किसान उत्पादक संगठनों और लघु उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं। बाद में राज्यपाल ने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों और स्थानीय उत्पादों के स्टॉलों का अवलोकन किया तथा हिमाचली व्यंजनों का स्वाद भी चखा। इस अवसर पर लेडी गवर्नर, नगर परिषद अध्यक्ष कर्ण शर्मा, एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह नेगी, एसएसपी गौरव सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!