शेरपुर छीज मेले में विधायक डीएस ठाकुर ने पहलवानों को किया सम्मानित, युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील

डलहोजी/चंबा 19 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
डलहोजी/चंबा 19 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
शेरपुर में आयोजित ऐतिहासिक छीज मेले का समापन पारंपरिक खेल, संस्कृति और उत्साह के बीच हुआ। समापन समारोह में डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डीएस ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर क्षेत्र के हजारों लोगों और खेल प्रेमियों ने उपस्थित होकर पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिता का आनंद लिया।समारोह के दौरान विधायक डीएस ठाकुर ने कुश्ती प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता और उपविजेता पहलवानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने पहलवानों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले ऐसे पारंपरिक खेल आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। साथ ही, इन आयोजनों से क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक एवं खेल परंपराओं को भी आगे बढ़ाने में मदद मिलती है।

विधायक ने छीज मेले के सफल आयोजन के लिए मेला आयोजन समिति और स्थानीय लोगों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पारंपरिक कुश्ती जैसे खेल ग्रामीण संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और इन्हें संरक्षण एवं प्रोत्साहन मिलना आवश्यक है।इस दौरान विधायक डीएस ठाकुर ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि युवा देश और समाज की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। उन्हें अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाते हुए खेल, फिटनेस और सामाजिक गतिविधियों से जुड़ना चाहिए। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से स्वयं को दूर रखने का आह्वान किया।शेरपुर का छीज मेला पारंपरिक मनोरंजन और कुश्ती प्रतियोगिता के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता का भी माध्यम बन रहा है। मेले में ग्रामीणों की भागीदारी ने इसकी लोकप्रियता को दर्शाया।

आयोजन समिति ने भविष्य में भी इस परंपरा को जारी रखने और स्थानीय खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने की प्रतिबद्धता जताई।