
डलहौजी / चम्बा 16 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
ग्राम पंचायत बैली के अंतर्गत आने वाले गांव खड्डी में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा करवाए जा रहे सड़क निर्माण कार्य के चलते ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान निकले मलबे को उचित स्थान पर न डालने और उसके खेतों व प्राकृतिक जलस्रोतों की ओर बहने से गांव की पेयजल एवं सिंचाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है।ग्रामीणों के अनुसार सड़क निर्माण के दौरान निकले मलबे के कारण गांव का पानी का प्राकृतिक स्रोत पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके साथ ही खेतों में भी मलबा भरने से सिंचाई व्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचा है। इससे ग्रामीणों के सामने पीने के पानी और खेती-बाड़ी से जुड़ी समस्याएं खड़ी हो गई हैं।ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पहले प्राकृतिक जलस्रोत से पानी की पर्याप्त व्यवस्था रहती थी, लेकिन सड़क निर्माण कार्य के चलते अब यह स्रोत प्रभावित हो गया है।

वहीं, खेतों तक पानी पहुंचाने वाली व्यवस्था भी बाधित होने से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले समय में ग्रामीणों को और अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि सड़क निर्माण के दौरान हुए नुकसान का जल्द आकलन किया जाए तथा पेयजल स्रोत और सिंचाई व्यवस्था को पहले की तरह बहाल करने के लिए उचित कदम उठाए जाएं। साथ ही खेतों में जमा मलबे को हटाकर प्रभावित भूमि को भी दुरुस्त किया जाए।तो वही इस सारे मामले को लेकर लोक निर्माण विभाग उपमंडल ककीरा के सहायक अभियंता राजकुमार से बात की गई तो उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में हैऔरजो भी नुकसान इस कार्य से संबंधित ठेकेदार द्वारा किया गया है ।उसकी भरपाई उक्त ठेकेदार द्वारा कर दी जाएगी ।
