सुंडला में पुस्तकालय प्रबंधन कार्यशाला का समापन, शिक्षकों ने विद्यालयों में जीवंत पुस्तकालय बनाने का लिया संकल्प

सुंडला में पुस्तकालय प्रबंधन कार्यशाला का समापन, शिक्षकों ने विद्यालयों में जीवंत पुस्तकालय बनाने का लिया संकल्प

सुंडला / चम्बा 20 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

खंड स्रोत समन्वयक कार्यालय सुंडला में पुस्तकालय प्रबंधन एवं पठन गतिविधियों पर आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला का सफलतापूर्वक समापन हुआ। समापन समारोह में खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी प्रवीण राणा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों से कार्यशाला में सीखे गए ज्ञान और तकनीकों को अपने-अपने विद्यालयों में व्यावहारिक रूप से लागू करने का आह्वान किया, ताकि विद्यार्थियों में पढ़ने की रुचि विकसित हो और विद्यालयों में पठन संस्कृति को बढ़ावा मिल सके।कार्यशाला के समापन सत्र में राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित अध्यापक एवं साहित्यकार हिंगराज चिराग ने विशेष स्रोत व्यक्ति के रूप में भाग लिया। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सलूणी में पुस्तकालय प्रबंधन के तहत किए गए विभिन्न नवाचारों की जानकारी शिक्षकों के साथ साझा की।

उन्होंने मोबाइल लाइब्रेरी, ओपन लाइब्रेरी, बुक लंगर तथा पुस्तकालय प्रबंधन में सामुदायिक सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि समुदाय की भागीदारी से पुस्तकालय को विद्यालय की चारदीवारी से बाहर ले जाकर अधिक से अधिक बच्चों तक पुस्तकों की पहुंच सुनिश्चित की जा सकती है।कार्यशाला के दौरान मुखर वाचन, साझा पठन, जोड़ी में पठन, पुस्तकालय प्रबंधन के विभिन्न प्रारूप तथा सामुदायिक सहभागिता जैसे विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए गए। इनमें शिक्षकों ने व्यावहारिक अभ्यास के माध्यम से पठन गतिविधियों को अधिक रोचक और प्रभावी बनाने के तरीके सीखे।

इस अवसर पर मुख्य स्रोत व्यक्ति के रूप में योगदान देने वाले राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक युद्धवीर टंडन, गणेश कुमार, राजेश शर्मा तथा कार्यशाला समन्वयक केंद्रीय मुख्य शिक्षक केसरू राम को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।समापन पर शिक्षकों ने कार्यशाला को ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताते हुए अपने विद्यालयों में बाल सुलभ और जीवंत पुस्तकालय विकसित करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!