स्कूल से बिना बताए निकले नौवीं कक्षा के दो नाबालिग छात्र, तुनुहट्टी चेकपोस्ट पर पुलिस ने बस से किए बरामद

स्कूल से बिना बताए निकले नौवीं कक्षा के दो नाबालिग छात्र, तुनुहट्टी चेकपोस्ट पर पुलिस ने बस से किए बरामद

चंबा. 17 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सेरी गुलेल (पिछला डिऊर) में पढ़ने वाले नौवीं कक्षा के दो नाबालिग विद्यार्थियों के स्कूल समय के दौरान अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों छात्र बिना किसी को बताए स्कूल परिसर से बाहर निकल गए और नालागढ़ की ओर जा रही एक निजी बस में सवार हो गए। गनीमत रही कि पुलिस की सतर्कता के चलते दोनों बच्चों को तुनुहट्टी चेकपोस्ट पर सुरक्षित बरामद कर लिया गया। बच्चों के सकुशल मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली।जानकारी के अनुसार, दोनों विद्यार्थी रोजाना की तरह स्कूल पहुंचे थे, लेकिन स्कूल समय के दौरान वे बिना किसी को सूचना दिए परिसर से बाहर निकल गए। इसके बाद दोनों ने नालागढ़ की ओर जाने वाली निजी बस में सफर शुरू कर दिया। उधर, जब निर्धारित समय तक दोनों बच्चे घर नहीं पहुंचे तो परिजन चिंतित हो उठे। उन्होंने बच्चों की तलाश शुरू की और उनकी सुरक्षा को लेकर परेशान हो गए।इसी दौरान तुनुहट्टी चेकपोस्ट पर पुलिस द्वारा नियमित रूप से वाहनों की जांच की जा रही थी।

चेकिंग के दौरान पुलिस कर्मियों की नजर बस में सवार दोनों नाबालिग विद्यार्थियों पर पड़ी। पूछताछ करने पर उनकी पहचान और स्थिति सामने आई। इसके बाद पुलिस ने दोनों बच्चों को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और आवश्यक कार्रवाई की।हालांकि, इस घटना के बाद विद्यालय की सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि स्कूल समय के दौरान दो नाबालिग विद्यार्थी बिना किसी शिक्षक या स्कूल प्रबंधन की जानकारी के परिसर से बाहर कैसे निकल गए? क्या विद्यालय में विद्यार्थियों की आवाजाही पर पर्याप्त निगरानी नहीं रखी जा रही थी?स्थानीय लोगों ने शिक्षा विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच करवाने तथा स्कूलों में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विद्यालय प्रबंधन को अधिक सतर्कता बरतनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!