अंतरराष्ट्रीय लवी मेले की तीसरी सांस्कृतिक संध्या में कुलदीप शर्मा के गीतों पर झूमे दर्शक, मंत्री विक्रमादित्य सिंह रहे मुख्यातिथि

अंतरराष्ट्रीय लवी मेले की तीसरी सांस्कृतिक संध्या में कुलदीप शर्मा के गीतों पर झूमे दर्शक, मंत्री विक्रमादित्य सिंह रहे मुख्यातिथि

नाटी किंग कुलदीप शर्मा सहित प्रदेश के नामी कलाकारों ने दी शानदार प्रस्तुतियां, पहाड़ी लोक संस्कृति के रंग में रंगा मेला परिसर

रामपुर बुशहर/ शिमला, 14 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 की तीसरी सांस्कृतिक संध्या पहाड़ी लोक संगीत के नाम रही। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान मेला समिति एवं जिला प्रशासन की ओर से उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध लोक गायक एवं नाटी किंग कुलदीप शर्मा रहे। उन्होंने अपनी एक से बढ़कर एक शानदार पहाड़ी गीतों की प्रस्तुतियों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनके लोकप्रिय गीतों पर दर्शकों ने खूब नृत्य किया और पूरा मेला परिसर पहाड़ी संगीत की मधुर धुनों से गूंज उठा। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने देर शाम तक पहाड़ी गीत-संगीत का भरपूर आनंद लिया।इसके अलावा लोकप्रिय कलाकार अनुज शर्मा, डिम्पल ठाकुर, ऋषभ सलोत्रा और कुमारी अंजली नानक ने भी अपनी बेहतरीन प्रस्तुतियों से समां बांधा।

वहीं, स्थानीय एवं प्रदेश के उभरते कलाकारों ने भी मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने सांस्कृतिक संध्या को यादगार बना दिया।इस अवसर पर उपायुक्त एवं अंतरराष्ट्रीय लवी मेला समिति के अध्यक्ष अनुपम कश्यप ने मुख्यातिथि विक्रमादित्य सिंह को पारंपरिक किन्नौरी टोपी एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उन्हें स्मृति चिन्ह भी प्रदान किया गया।कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, पूर्व विधायक आनी किशोरी लाल, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, मेला समिति के सचिव एवं उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष कर्ण शर्मा, पूर्व जिला परिषद सदस्य चंद्र प्रभा नेगी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लाल चंद शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!