आयोडीन की कमी से बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास पर पड़ सकता है असर :- डॉ. सुहैल

चंबा 21 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
राष्ट्रीय आयोडीन अल्पता विकार दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग चंबा की ओर से केंद्रीय विद्यालय करियां में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को शरीर में आयोडीन के महत्व, इसकी कमी से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी विकारों तथा आयोडीन युक्त नमक के नियमित सेवन के प्रति जागरूक करना रहा।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज के दिशा-निर्देशों पर आयोजित इस कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुहैल ने विद्यार्थियों को आयोडीन की उपयोगिता के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आयोडीन एक आवश्यक पोषक तत्व है, जो शरीर में थायरॉइड ग्रंथि के सामान्य कामकाज के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विशेष रूप से बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में इसकी अहम भूमिका होती है।उन्होंने बताया कि शरीर में आयोडीन की कमी होने से घेंघा रोग जैसी बीमारी हो सकती है। इसके अलावा बच्चों की शारीरिक वृद्धि प्रभावित होने के साथ-साथ उनकी सीखने, समझने और मानसिक विकास की क्षमता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक आहार में पर्याप्त मात्रा में आयोडीन की उपलब्धता सुनिश्चित करनी चाहिए।डॉ. सुहैल ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से आयोडीन युक्त नमक का इस्तेमाल करने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने कहा कि विद्यार्थी स्वयं जागरूक होने के साथ अपने परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों को भी आयोडीन के महत्व के बारे में जागरूक करें, ताकि समाज में आयोडीन की कमी से होने वाले विकारों को रोकने में मदद मिल सके।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से समय-समय पर ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति समझ विकसित हो और वे स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित हों। उन्होंने आयोडीन युक्त नमक के नियमित सेवन को स्वस्थ जीवन और बेहतर विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।