विधायक निधि जारी करने में देरी का मुद्दा विधानसभा में गूंजा, डीएस ठाकुर ने सरकार से मांगा जवाब

विधायक निधि जारी करने में देरी का मुद्दा विधानसभा में गूंजा, डीएस ठाकुर ने सरकार से मांगा जवाब

डल्हौजी/ चम्बा 21 नवम्बर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान डल्हौजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डीएस ठाकुर ने क्षेत्र के विकास कार्यों से जुड़े विधायक निधि (एमएलए फंड) की स्वीकृति प्रक्रिया में हो रही देरी का मामला प्रमुखता से उठाया। उन्होंने विधानसभा प्रश्न के माध्यम से खंड विकास कार्यालय (बीडीओ), सलूणी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सरकार से इस संबंध में स्पष्ट जवाब मांगा।विधायक डीएस ठाकुर ने सदन में कहा कि विधायक निधि के माध्यम से क्षेत्र के विभिन्न गांवों में विकास कार्यों को गति दी जाती है। इस निधि से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की जरूरतों के अनुरूप छोटे-बड़े विकास कार्य करवाए जाते हैं, जिससे स्थानीय लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने में मदद मिलती है। ऐसे में विधायक निधि से संबंधित मामलों की स्वीकृति प्रक्रिया में अनावश्यक देरी होना चिंताजनक है।उन्होंने विशेष रूप से खंड विकास कार्यालय सलूणी में विधायक निधि से प्रस्तावित विकास कार्यों की प्रक्रिया में हो रही देरी का मुद्दा उठाया।

उन्होंने सरकार से जानना चाहा कि आखिर किन कारणों से इन कार्यों की स्वीकृति में विलंब हो रहा है और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ क्या कदम उठाए जा रहे हैं।डीएस ठाकुर ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि जनता के हितों से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही और प्रशासनिक ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि विधायक निधि का उद्देश्य गांव-गांव तक विकास पहुंचाना और स्थानीय जरूरतों को प्राथमिकता देना है। यदि प्रशासनिक प्रक्रिया में ही अनावश्यक देरी होगी तो इसका सीधा खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ेगा।विधायक ने कहा कि डल्हौजी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक विकास योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने सरकार से इस मामले में प्रभावी कदम उठाने और विकास कार्यों में तेजी लाने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!