ईएलसी प्रतियोगिताओं में चम्बा के 52 विद्यार्थियों ने लिया भाग, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 20 प्रतिभागी सम्मानित
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिला चम्बा का प्रतिनिधित्व करेंगे चयनित विद्यार्थी

चम्बा 18 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
भारतीय निर्वाचन आयोग तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी हिमाचल प्रदेश के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन कार्यालय चम्बा के सौजन्य से ईएलसी प्रतियोगिताओं-2026 की श्रृंखला के तहत बुधवार को बचत भवन चम्बा में जिला स्तरीय निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से चयनित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।प्रतियोगिताओं के समापन समारोह में कार्यवाहक उपायुक्त अमित मेहरा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया।

उन्होंने विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान के महत्व से अवगत करवाते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूकता प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है। युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।जिला स्तरीय प्रतियोगिता में कुल 52 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इनमें 27 विद्यार्थी प्रश्नोत्तरी तथा 25 विद्यार्थी निबंध लेखन प्रतियोगिता में शामिल हुए। निबंध लेखन के लिए ‘निर्वाचन में शुद्ध मतदाता सूची का महत्व’ और ‘मतदान का महत्व’ विषय निर्धारित किए गए थे। वहीं, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मतदाता सूची तैयार करने, ईवीएम एवं वीवीपैट, मतदान और मतगणना प्रक्रिया से संबंधित प्रश्न पूछे गए।

कार्यवाहक उपायुक्त ने परिणामों के आधार पर दोनों प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम 10-10 विद्यार्थियों को विजेता घोषित कर प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। चयनित विद्यार्थी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिला चम्बा का प्रतिनिधित्व करेंगे।गौरतलब है कि निर्वाचन आयोग की ओर से 2 से 20 नवंबर तक इन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर से लेकर विधानसभा और जिला स्तर तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।इस अवसर पर एसडीएम चिराग शर्मा, तहसीलदार निर्वाचन अनूप डोगरा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। निर्णायक समिति में जिला भाषा अधिकारी तुकेश शर्मा, जिला स्तरीय चुनाव साक्षरता नोडल अधिकारी प्रोफेसर अविनाश, प्रोफेसर सचिन ठाकुर और प्रोफेसर दिव्या शर्मा शामिल रहे।

प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य युवाओं में चुनावी साक्षरता बढ़ाना और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करना रहा।