गांव गुवाड़ में डीएलएसए ने लगाया विधिक जागरूकता शिविर, ग्रामीणों को दी निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी

चम्बा 18 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), चम्बा की ओर से राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के निर्देशानुसार संचालित मेगा ड्राइव फेज-II के तहत गांव गुवाड़ में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक विधिक सेवाओं और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा आमजन को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।शिविर के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्बा के सचिव एकांश कपिल ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधिक सेवा प्राधिकरणों की भूमिका, कार्यप्रणाली और आम नागरिकों को उपलब्ध करवाई जाने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 की धारा 12 के तहत समाज के विभिन्न पात्र वर्गों को बिना किसी शुल्क के कानूनी सहायता उपलब्ध करवाने का प्रावधान है। इसके माध्यम से पात्र व्यक्ति न्याय प्राप्त करने के लिए कानूनी सहायता और आवश्यक मार्गदर्शन हासिल कर सकते हैं।उन्होंने नालसा की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि विधिक सेवा प्राधिकरणों का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्गों को न्याय की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने ग्रामीणों को अपने कानूनी अधिकारों एवं सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के तहत मिलने वाले लाभों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों तक उनके घर-द्वार पर विधिक सेवाएं पहुंचाना आवश्यक है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी या आर्थिक अभाव के कारण न्याय से वंचित न रहे।

शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। यह आयोजन ग्रामीण स्तर पर कानूनी जागरूकता बढ़ाने और आमजन की न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में डीएलएसए चम्बा का महत्वपूर्ण प्रयास रहा।