सलूणी की लनोट पंचायत में बारिश का कहर, दो मकानों में घुसा मलबा, परिवारों में दहशत

सलूणी की लनोट पंचायत में बारिश का कहर, दो मकानों में घुसा मलबा, परिवारों में दहशत

चम्बा, 01 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला चम्बा के उपमंडल सलूणी की ग्राम पंचायत लनोट में मानसून की पहली ही तेज बारिश ने भारी तबाही मचा दी। लनोट और फगड़ोग गांव में मूसलाधार वर्षा के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए, जिससे लोगों को भारी नुकसान झेलना पड़ा।जानकारी के अनुसार पहाड़ों से भारी मात्रा में मलबा और बरसाती पानी सीधे रिहायशी मकानों में घुस गया। इस घटना में दो मकान गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं। फगड़ोग गांव के निवासी तानी पुत्र कंठ और नारद पुत्र लछमण के घरों को सबसे अधिक क्षति पहुंची है।विशेष रूप से नारद के मकान को भारी नुकसान हुआ है।

मलबे के दबाव के चलते मकान की दीवारों में गहरी दरारें आ गई हैं, जिससे मकान के गिरने का खतरा पैदा हो गया है। घर के अंदर मलबा भर जाने से घरेलू सामान भी पूरी तरह से दब गया, जिससे परिवार को आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है।घटना की सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत लनोट के प्रधान देसराज मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्रभावित परिवारों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है और प्रशासन से सहायता की मांग की गई है।वहीं कार्यवाहक एसडीएम एवं तहसीलदार अभिराय सिंह ठाकुर ने बताया कि तेज बारिश के कारण गांव के पीछे से मलबा बहकर मकानों में घुसा है। उन्होंने संबंधित पटवारी को मौके का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि पटवारी की रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार राहत प्रदान की जाएगी।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्थायी समाधान और उचित ड्रेनेज व्यवस्था की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!