कबड्डी अंडर-18 पुरुष टीम के चयन के लिए 24 नवंबर को बिलासपुर में होंगे ट्रायल
इच्छुक खिलाड़ी सुबह 10 बजे खेल छात्रावास में करें रिपोर्ट, चयन के लिए निर्धारित दस्तावेज लाना अनिवार्य

चम्बा 21 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
इच्छुक खिलाड़ी सुबह 10 बजे खेल छात्रावास में करें रिपोर्ट, चयन के लिए निर्धारित दस्तावेज लाना अनिवार्ययुवा सेवा एवं खेल विभाग की ओर से खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2026 के तहत कबड्डी पुरुष अंडर-18 वर्ग की टीम के चयन के लिए 24 नवंबर को खेल छात्रावास (स्पोर्ट्स हॉस्टल) बिलासपुर में प्रशिक्षण एवं चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। इन ट्रायल के माध्यम से प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने और खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2026 में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाली टीम में स्थान बनाने का अवसर मिलेगा।जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी रूपेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि चयन ट्रायल में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए विभाग की ओर से निर्धारित पात्रता एवं चयन मानदंड लागू रहेंगे। उन्होंने बताया कि ट्रायल प्रक्रिया 24 नवंबर को सुबह 10 बजे से शुरू होगी।

इसके लिए इच्छुक खिलाड़ियों को निर्धारित समय पर खेल छात्रावास बिलासपुर में पहुंचना होगा।उन्होंने बताया कि ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को अपने साथ शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण के रूप में मैट्रिक प्रमाण पत्र, आयु प्रमाण पत्र तथा आधार कार्ड लाना अनिवार्य होगा। इसके अतिरिक्त खिलाड़ियों को पासपोर्ट साइज फोटो के दो सेट की सत्यापित फोटोकॉपी और दो पासपोर्ट साइज फोटो भी साथ लाने होंगे। दस्तावेजों के अभाव में चयन प्रक्रिया के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी ने इच्छुक खिलाड़ियों से अपील की है कि वे ट्रायल में हिस्सा लेने से पहले विभाग की ओर से निर्धारित पात्रता शर्तों और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी अच्छी तरह सुनिश्चित कर लें, ताकि चयन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।उन्होंने स्पष्ट किया कि चयन ट्रायल में भाग लेने के लिए आने वाले खिलाड़ियों को विभाग की ओर से किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता (टीए) अथवा दैनिक भत्ता (डीए) प्रदान नहीं किया जाएगा।