कालाटॉप-खजियार में विद्यार्थियों ने समझी जैव विविधता की अहमियत
राजकीय महाविद्यालय चंबा के बॉटनी विभाग ने आयोजित किया एक दिवसीय शिक्षा भ्रमण

चंबा 23 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
चंबा।
राजकीय महाविद्यालय चंबा के बॉटनी विभाग की ओर से विद्यार्थियों के लिए कालाटॉप, खजियार, पोहलानी माता मंदिर तथा आसपास के क्षेत्रों का एक दिवसीय शिक्षा भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस शैक्षणिक भ्रमण में बीएससी के तीनों वर्षों के करीब 100 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को प्राकृतिक पर्यावरण, जैव विविधता तथा इसके संरक्षण के महत्व से अवगत करवाना रहा।बॉटनी विभाग की विभागाध्यक्ष पूनम सवरवाल ने बताया कि शिक्षा भ्रमण विद्यार्थियों के पाठ्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कक्षा में पौधों एवं जैव विविधता से संबंधित विषयों का अध्ययन करने के साथ-साथ जब विद्यार्थी इन्हें प्राकृतिक वातावरण में प्रत्यक्ष रूप से देखते हैं तो उनकी विषय संबंधी समझ और अधिक मजबूत होती है।

उन्होंने कहा कि इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को जैव विविधता के महत्व तथा इसके संरक्षण के विभिन्न तरीकों की व्यावहारिक जानकारी देना है।उन्होंने कहा कि कालाटॉप और खजियार जैसे प्राकृतिक क्षेत्र विभिन्न प्रकार की वनस्पतियों एवं जीव-जंतुओं के लिए महत्वपूर्ण आवास हैं। ऐसे क्षेत्रों का भ्रमण विद्यार्थियों को प्रकृति के करीब लाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करने में भी सहायक होता है।कार्यक्रम में बॉटनी विभाग के सहायक आचार्य सुमित ने भी भाग लिया। उन्होंने विद्यार्थियों को जैव विविधता, वनस्पतियों की विभिन्न प्रजातियों तथा उनके संरक्षण की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। इस दौरान विद्यार्थियों ने क्षेत्र में विभिन्न प्रकार के पौधों और जीव-जंतुओं का अवलोकन किया तथा उनके बारे में जानकारी हासिल की।शिक्षा भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने प्राकृतिक वातावरण को करीब से समझने के साथ अपने विषय संबंधी ज्ञान को व्यवहारिक अनुभव से जोड़ा।

विभाग की ओर से कहा गया कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और संरक्षण की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।