घट्टा टोल प्लाजा के समीप 422 स्पैसमोविल-प्लस कैप्सूल बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार

कांगड़ा/ धर्मशाला 05 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कांगड़ा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 422 स्पैसमोविल-प्लस कैप्सूल बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नशीले कैप्सूल की बरामदगी टोयोटा इटियोस कार से हुई है, जिसका पंजीकरण नंबर HP 40C-8919 है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को CIA कांगड़ा की टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक वाहन में नशीले कैप्सूल ले जाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घट्टा टोल प्लाजा के समीप संदिग्ध टोयोटा इटियोस कार को रुकवाकर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से कुल 422 स्पैसमोविल-प्लस कैप्सूल बरामद हुए।

पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष राणा (38), निवासी रजोल, तहसील शाहपुर, जिला कांगड़ा; पवन धीमान (32), निवासी हटली गुदवाना, तहसील सिहुंता, जिला चंबा; तथा ओम प्रकाश (46), निवासी सराह, तहसील धर्मशाला, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।इस संबंध में पुलिस थाना कांगड़ा में NDPS एक्ट की धारा 22, 29 और 61-85 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों के पास ये कैप्सूल कहां से आए थे और इनके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।पुलिस अधीक्षक कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि हिमाचल पुलिस नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
