चंबा में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के तहत जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित, छह प्रतिभागियों का राज्य स्तर के लिए चयन
जलवायु सुरक्षा, सीमावर्ती क्षेत्रों और सतत पर्वतीय विकास विषय पर युवाओं ने प्रस्तुत किए नवाचारपूर्ण विचार

चंबा, 23 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
MY भारत चंबा की ओर से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के चैलेंज ट्रैक के तहत जिला स्तरीय पावरपॉइंट प्रस्तुति प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य विषय ‘जलवायु सुरक्षा, सीमावर्ती क्षेत्र एवं सतत पर्वतीय विकास’ रहा। इसमें युवाओं ने जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों, पर्यावरण संरक्षण और पहाड़ी क्षेत्रों के समग्र विकास को लेकर अपने विचार और सुझाव प्रस्तुत किए।कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त चंबा अमित मेहरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने मूल्यांकन समिति के अध्यक्ष की भूमिका भी निभाई। वहीं, एसडीएम चंबा चिराग शर्मा ने उनकी उपस्थिति में समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाला। मूल्यांकन समिति में जिला पर्यटन अधिकारी राजीव मिश्रा, पर्वतारोहण प्रशिक्षक एवं विषय विशेषज्ञ पंकज महंत, राजकीय महाविद्यालय चंबा के सहायक प्राध्यापक अविनाश तथा राजकीय मिलेनियम पॉलिटेक्निक कॉलेज चंबा के प्रवक्ता अरुण सेठ शामिल रहे।प्रतियोगिता की चयन प्रक्रिया के तहत सबसे पहले ऑनलाइन क्विज आयोजित किया गया। इसके बाद निबंध लेखन प्रतियोगिता करवाई गई। इन दोनों चरणों में प्रतिभागियों के प्रदर्शन के आधार पर कुल 54 युवाओं का चयन जिला स्तरीय पावरपॉइंट प्रस्तुति प्रतियोगिता के लिए किया गया।प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न चुनौतियों, सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और सतत पर्वतीय विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रस्तुतियां दीं। मूल्यांकन समिति ने प्रस्तुतियों का आकलन करने के बाद छह प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया। राज्य स्तर पर सफल प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।इस अवसर पर अधिकारियों और विशेषज्ञों ने युवाओं की रचनात्मकता, उत्साह और नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच युवाओं को अपने विचार साझा करने और विकसित भारत @2047 के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का अवसर प्रदान करते हैं।MY भारत चंबा की ओर से युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मार्गदर्शन में युवाओं को नेतृत्व, नवाचार और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए इस तरह की गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।