चुवाड़ी में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान का आगाज, 60 दिनों तक बेटियों की सुरक्षा और शिक्षा पर रहेगा विशेष फोकस

चुवाड़ी में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान का आगाज, 60 दिनों तक बेटियों की सुरक्षा और शिक्षा पर रहेगा विशेष फोकस

120 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और वृत्त पर्यवेक्षकों ने ली बेटियों के सम्मान व अधिकारों की रक्षा की शपथ

चुवाड़ी /चंबा, 23 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने, उन्हें शिक्षा के समान अवसर प्रदान करने और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) कार्यालय चुवाड़ी में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत 60 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीडीपीओ धर्मवीर सिंह ने की। इस दौरान वृत्त पर्यवेक्षकों सहित क्षेत्र की करीब 120 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।कार्यक्रम में सीडीपीओ धर्मवीर सिंह ने बताया कि 19 नवंबर से शुरू हुआ यह अभियान आगामी 60 दिनों तक विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से चलाया जाएगा। अभियान को सामुदायिक सहभागिता, सुरक्षा एवं डिजिटल जागरूकता, शिक्षा एवं कल्याण तथा खेल एवं स्वास्थ्य जैसे चार प्रमुख विषयों में विभाजित किया गया है। इसके तहत ‘सेल्फी विद डॉटर’ पहल, सार्वजनिक स्थलों का सुरक्षा ऑडिट और स्कूल छोड़ चुकी बालिकाओं को दोबारा शिक्षा से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।इस अवसर पर जिला मिशन समन्वयक मनोहर नाथ ने उपस्थित प्रतिभागियों को बेटियों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा की शपथ दिलाई। उन्होंने महिला सशक्तिकरण से जुड़ी सरकारी योजनाओं, वन स्टॉप सेंटर, शक्ति सदन, महिला हेल्पलाइन 181, साइबर सुरक्षा और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने पीसीपीएनडीटी अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए भ्रूण लिंग जांच जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।वहीं, ब्लॉक समन्वयक (पोषण) विकास शर्मा ने संतुलित आहार, मासिक धर्म स्वच्छता, मानसिक स्वास्थ्य और एचपीवी टीकाकरण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं के साथ स्वास्थ्य जांच शिविर तथा करियर काउंसलिंग सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।अंत में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि वे गांव-गांव जाकर परिवारों को जागरूक करें और अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!