चुवाड़ी में जिला स्तरीय महिला निरंकारी संत समागम आयोजित, मानवता और प्रेम का दिया संदेश

चुवाड़ी/चम्बा 20 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
संत निरंकारी मिशन की चुवाड़ी शाखा में जिला स्तरीय महिला निरंकारी संत समागम का भव्य आयोजन किया गया। समागम में चम्बा जोन की विभिन्न शाखाओं से बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान भक्ति गीतों, कविताओं और प्रवचनों के माध्यम से मानवता, प्रेम, करुणा, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया गया।समागम में अमृतसर, पंजाब से प्रचार टूर कार्यक्रम के तहत पहुंचीं बहन गोपिका मदान ने सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज का संदेश साध संगत तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि चौरासी लाख योनियों के बाद मनुष्य का जन्म प्राप्त होता है और मानव जीवन ही वह अवसर है, जिसके माध्यम से परम पिता परमात्मा को जाना और उसकी प्राप्ति की जा सकती है। उन्होंने कहा कि सतगुरु की शरण में आकर निराकार परमात्मा का ज्ञान प्राप्त किया जा सकता है और मनुष्य जन्म-मरण के चक्र से मुक्ति की ओर बढ़ सकता है।

उन्होंने कहा कि ईश्वर की प्राप्ति के बाद यदि हृदय में मानवता के प्रति प्रेम, दया और करुणा का भाव नहीं है तो भक्ति अधूरी है। प्रेमाभक्ति से जीवन में नम्रता, मिलवर्तन, करुणा और भाईचारे जैसे दिव्य गुण विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि मानव जीवन का वास्तविक उद्देश्य परमात्मा की पहचान कर उससे जुड़ना है। ब्रह्मज्ञान के माध्यम से कण-कण में परमात्मा के अस्तित्व का एहसास होता है, जिससे जीवन में आनंद और सकारात्मकता आती है।समागम में चम्बा जोन के जोनल इंचार्ज महात्मा दुनी चंद जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। चुवाड़ी शाखा के शाखा प्रबंधक महात्मा दीपक भारद्वाज ने जिला चम्बा की विभिन्न शाखाओं से पहुंचे श्रद्धालुओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि संत निरंकारी मिशन का उद्देश्य बिना किसी भेदभाव के मानव मात्र को ईश्वर से जोड़ना तथा प्रेम, करुणा और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देना है।