जिला रोजगार कार्यालय चंबा में 28 नवंबर को कैंपस इंटरव्यू, निजी कंपनी में भरे जाएंगे 200 पद

चंबा 23 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिला रोजगार कार्यालय चंबा की ओर से बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से 28 नवंबर 2026 को कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जाएगा। इस साक्षात्कार के माध्यम से मोहाली (पंजाब) स्थित निजी कंपनी प्रोटालिक सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड में 200 पदों को भरा जाएगा।जिला रोजगार कार्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार कंपनी में कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव के पदों के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास निर्धारित की गई है। वहीं, आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इन पदों के लिए महिला और पुरुष दोनों अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।कैंपस इंटरव्यू 28 नवंबर को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक जिला रोजगार कार्यालय चंबा, हिमाचल प्रदेश में आयोजित होगा। चयनित अभ्यर्थियों को मोहाली में नियुक्ति दी जाएगी। कंपनी की ओर से चयनित उम्मीदवारों को 13 हजार से 18 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त उन्हें प्रोत्साहन राशि (इंसेंटिव) भी प्रदान की जाएगी।जिला रोजगार कार्यालय ने इच्छुक उम्मीदवारों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर अपने शैक्षणिक योग्यता के मूल प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, रोजगार कार्यालय पंजीकरण प्रमाण पत्र, आधार कार्ड तथा अपना बायोडाटा साथ लेकर पहुंचें।अभ्यर्थियों को सुबह 10:30 बजे साक्षात्कार स्थल पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा। सूचना में स्पष्ट किया गया है कि साक्षात्कार में भाग लेने के लिए किसी भी अभ्यर्थी को यात्रा भत्ता प्रदान नहीं किया जाएगा।जिला रोजगार कार्यालय ने योग्य एवं इच्छुक युवाओं से इस रोजगार अवसर का लाभ उठाने का आह्वान किया है।