टाऊ धार छिंज मेले में पहलवानों ने दिखाया दमखम, नासिर डोडा ने जीती बड़ी माली

डलहौजी/चम्बा 20 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी टाऊ धार छिंज मेला कमेटी की ओर से पारंपरिक छिंज मेले का आयोजन धूमधाम से किया गया। मेले में एनएचपीसी के कार्यपालक निदेशक ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। आयोजन की शुरुआत बनीखेत स्थित भुरु नाग देवता मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद झंडा रस्म अदा की गई और मेला कमेटी के सदस्य पैदल ग्रां होते हुए टाऊ धार (धर्मशाला) पहुंचे।टाऊ धार में धार्मिक परंपराओं के अनुसार पूजा-अर्चना के बाद दोपहर करीब तीन बजे दंगल का शुभारंभ किया गया। दंगल में हिमाचल सहित बाहरी राज्यों से पहुंचे नामी पहलवानों ने अखाड़े में अपनी कुश्ती कला और दमखम का प्रदर्शन किया।

बड़ी माली के मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और पहलवानों के शानदार दांव-पेंच पर दर्शकों ने तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया।देर शाम करीब नौ बजे तक चले रोमांचक दंगल में बड़ी माली के मुकाबले में पहलवान नासिर डोडा (एसआई) ने दिल्ली के पहलवान मोनी को पराजित कर खिताब अपने नाम किया। बड़ी माली के विजेता नासिर डोडा को 41 हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की गई, जबकि उपविजेता मोनी को 31 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।वहीं छोटी माली के मुकाबले में अंकित दिल्ली ने कप्तान रोहित को कड़े और दिलचस्प मुकाबले में हराकर जीत दर्ज की। छोटी माली के विजेता को 25 हजार रुपये, जबकि उपविजेता को 16 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया।मेले के सफल आयोजन पर टाऊ धार छिंज मेला कमेटी ने मुख्य अतिथि, गणमान्य व्यक्तियों, पहलवानों, दर्शकों और आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

कमेटी पदाधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र की इस पारंपरिक छिंज को भविष्य में और अधिक भव्य रूप दिया जाएगा ।