तलाई के सायर मेले में पहुंचे अनिरुद्ध सिंह, बोले,पौराणिक संस्कृति और परंपराओं को संजोना जरूरी

तलाई के सायर मेले में पहुंचे अनिरुद्ध सिंह, बोले,पौराणिक संस्कृति और परंपराओं को संजोना जरूरी

शिमला 17 सितंबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कसुंपटी विधानसभा क्षेत्र के मशोबरा स्थित तलाई में आयोजित सायर मेले में मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने भद्रकाली माता तलाई मंदिर में पूजा-अर्चना कर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा मेला प्रेमियों को सायर मेले की शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश बहुसांस्कृतिक और बहुभाषी राज्य है। यहां की पारंपरिक लोक कला, नृत्य, संगीत और रीति-रिवाज प्रदेश को विशिष्ट पहचान प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि सायर मेला प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक है।

यह मेला झोटों के दंगल के लिए भी प्रसिद्ध रहा है, हालांकि हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में इसे बंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सायर मेले के साथ फसल कटाई की शुरुआत की परंपरा भी जुड़ी हुई है। ऐसे पौराणिक मेलों को जीवंत रखना सभी का कर्तव्य है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी संस्कृति और परंपराओं से परिचित रह सकें।मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पंचायतों के सुदृढ़ीकरण और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। कसुंपटी विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चार सड़कें स्वीकृत की गई हैं, जिनमें मशोबरा की सड़क भी शामिल है।

विभिन्न योजनाओं के तहत क्षेत्र में 150 से अधिक एफआरए मामले स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिनमें पंचायत भवन, सामुदायिक भवन, स्कूल भवन, पुल, रास्ते और सड़कें शामिल हैं।उन्होंने कहा कि तलाई क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के प्रयास किए जाएंगे। इस संबंध में सरकार के समक्ष मामला प्रमुखता से उठाया जाएगा।मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ कबड्डी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें जिले की 18 टीमों ने भाग लिया। इस दौरान मेला समिति के प्रधान बालक राम वर्मा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!