पक्काटाल्ला से बालू पुल तक कल 28 नवंबर से वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध
31 मार्च 2027 तक लागू रहेंगे आदेश, सड़क मरम्मत एवं रखरखाव कार्यों के चलते लिया निर्णय

चंबा 27 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिले में सड़क मरम्मत एवं रखरखाव कार्यों को सुरक्षित और सुचारू ढंग से पूरा करने के उद्देश्य से पक्काटाल्ला से बालू पुल तक सड़क मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। उपायुक्त एवं जिला दंडाधिकारी चंबा मुकेश रेपस्वाल ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। जारी आदेशों के अनुसार यह प्रतिबंध 28 नवंबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक प्रभावी रहेगा।उपायुक्त ने बताया कि मानसून के दौरान बालू से पक्काटाल्ला सड़क मार्ग को व्यापक क्षति पहुंची है। सड़क की सतह खराब होने के साथ-साथ मार्ग पर स्थित रिटेनिंग वॉल तथा ब्रेस्ट वॉल को भी नुकसान हुआ है। इसके अतिरिक्त सड़क के विभिन्न हिस्सों में चौड़ाई कम होने से यातायात संचालन प्रभावित हो रहा है।ऐसी परिस्थितियों में सड़क की आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव कार्यों को सुरक्षित तरीके से पूरा करना जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए संबंधित सड़क मार्ग पर वाहनों की आवाजाही को अस्थायी रूप से प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया गया है।जारी आदेशों में उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित अवधि के दौरान वाहन चालकों को आवाजाही के लिए उपलब्ध वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा। इससे सड़क मरम्मत कार्यों के दौरान किसी प्रकार की असुविधा एवं दुर्घटना की आशंका को कम किया जा सकेगा।लोक निर्माण विभाग के संबंधित अधिशासी अभियंता को मरम्मत कार्यों के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सड़क पर चेतावनी एवं मार्ग परिवर्तन संबंधी संकेतक लगाने, आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग करने तथा जरूरत के अनुसार कर्मचारियों की तैनाती करने को कहा गया है।प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित प्रतिबंधों का पालन करने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है, ताकि सड़क मरम्मत कार्य समयबद्ध एवं सुरक्षित तरीके से पूरा किया जा सके।