पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में वार्षिक शैक्षणिक निरीक्षण संपन्न

डलहोजी/चम्बा 26 सितम्बर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में केंद्रीय विद्यालय संगठन के गुरुग्राम संभाग की ओर से वार्षिक शैक्षणिक निरीक्षण किया गया। सहायक आयुक्त श्री दीदार सिंह के नेतृत्व में निरीक्षण दल ने विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया, सह-पाठ्यचर्या गतिविधियों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।निरीक्षण दल का प्रातःकालीन सभा के दौरान विद्यालय परिवार की ओर से स्वागत किया गया। विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रस्तुतियों एवं गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यालय में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और शिक्षकों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।निरीक्षण के दौरान कक्षाओं में शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया, विद्यार्थियों की सहभागिता और पाठ्य-सहगामी गतिविधियों का अवलोकन किया गया।

विज्ञान प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब, खेल एवं कला सुविधाओं सहित अन्य व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। कक्षा IX एवं XI के परीक्षा परिणामों का विशेष रूप से अवलोकन करते हुए विद्यार्थियों के परिणामों में सुधार के लिए प्रभावी रणनीति अपनाने तथा कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।कक्षा X एवं XII के विद्यार्थियों के साथ संवाद के दौरान उनके भविष्य की योजनाओं, करियर विकल्पों और अध्ययन संबंधी विषयों पर चर्चा की गई। विद्यार्थियों को अनुशासन, समय-प्रबंधन, नियमित अध्ययन और परीक्षा की बेहतर तैयारी के संबंध में उपयोगी सुझाव दिए गए।इस अवसर पर विद्यालय की पत्रिका ‘मनोभाव’ का विमोचन सहायक आयुक्त श्री दीदार सिंह ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं।निरीक्षण दल ने शिक्षकों के साथ समीक्षा बैठक कर शैक्षणिक प्रगति, परीक्षा परिणाम, शिक्षण-पद्धतियों और आगामी कार्ययोजनाओं पर चर्चा की। प्राचार्या श्रीमती करमजीत कौर एवं विद्यालय परिवार ने निरीक्षण दल के सुझावों और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर श्रीमती आनंदिता भारद्वाज ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
