गरीबी उन्मूलन और विधिक सहायता को लेकर प्राह्नवी में जागरूकता शिविर

चंबा, 26 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंबा की ओर से ग्राम पंचायत प्राह्नवी में गरीबी उन्मूलन तथा गरीब एवं वंचित लोगों के लिए उपलब्ध विधिक सहायता को लेकर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पंचायत क्षेत्र के करीब 68 लोगों ने भाग लिया।
शिविर को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंबा के सचिव एकांश कपिल तथा ग्राम विकास समन्वयक मनजीत कौर ने संबोधित किया। इस दौरान ग्रामीणों को गरीबी उन्मूलन, गरीब एवं वंचित वर्गों के अधिकारों तथा उनके लिए उपलब्ध कानूनी और कल्याणकारी सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
वक्ताओं ने बताया कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण कोई भी व्यक्ति न्याय पाने के अधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पात्र लोगों को निःशुल्क कानूनी सलाह और विधिक सहायता उपलब्ध करवाई जाती है। ग्रामीणों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी भी प्रदान की गई।

शिविर में ‘सामुदायिक मध्यस्थता : मुकदमेबाजी-मुक्त ग्रामीण भारत की ओर’ कार्यक्रम के उद्देश्यों पर भी प्रकाश डाला गया। ग्रामीणों को बताया गया कि सामुदायिक स्तर पर मध्यस्थता के माध्यम से कई विवादों का आपसी सहमति और सौहार्दपूर्ण तरीके से समाधान किया जा सकता है। इससे लोगों को अनावश्यक मुकदमेबाजी से बचने में मदद मिल सकती है।
इसके अलावा ग्रामीणों को रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, खाद्य सुरक्षा सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया गया। शिविर के दौरान विधिक सेवाओं तथा सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित पैम्फलेट भी वितरित किए गए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के इस जागरूकता शिविर का मुख्य उद्देश्य गरीब, कमजोर और वंचित वर्गों तक कानून एवं विधिक सेवाओं की जानकारी पहुंचाना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा सरकारी एवं कानूनी सहायता योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करना रहा।