बनीखेत में धूमधाम से मनाया गया दशहरा उत्सव, विधायक डीएस ठाकुर ने विजेताओं को किया सम्मानित

बनीखेत में धूमधाम से मनाया गया दशहरा उत्सव, विधायक डीएस ठाकुर ने विजेताओं को किया सम्मानित

बनीखेत/ चम्बा 21 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

नवमी नवरात्र के समापन के बाद आज मंगलवार को बनीखेत में दशहरा उत्सव बड़ी धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान पद्धर मैदान में दिनभर विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों के साथ बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखने को मिला।दशहरा उत्सव के अवसर पर सुबह से ही यूथ क्लब बनीखेत तथा रामा नाटक क्लब बनीखेत की ओर से पद्धर मैदान में बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

इन प्रतियोगिताओं में छोटे बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके उपरांत दोपहर बाद रामा नाटक क्लब बनीखेत की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा पद्धर मैदान से शुरू होकर बनीखेत के मुख्य बाजार से होते हुए बस अड्डे तक पहुंची। इसके बाद शोभायात्रा वापस पद्धर मैदान में संपन्न हुई। इस दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।कार्यक्रम में स्थानीय विधायक डीएस ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

उन्होंने दशहरा उत्सव 2026 के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता टीमों और प्रतिभागियों को सम्मानित किया। उन्होंने बच्चों की भागीदारी की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और सामाजिक-सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखने के लिए महत्वपूर्ण बताया।उत्सव के दौरान रामलीला के चुनिंदा दृश्यों का भी मंचन किया गया, जिन्हें उपस्थित लोगों ने रुचि के साथ देखा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भगवान श्रीराम के हाथों रावण दहन रहा। रावण दहन के साथ ही बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया।

वहीं, मंगलवार रात्रि को रामलीला की अंतिम प्रस्तुति के दौरान भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक का आयोजन भी किया जाएगा। इसके साथ ही बनीखेत में आयोजित दशहरा उत्सव और रामलीला कार्यक्रम का समापन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!