बनीखेत में साप्ताहिक सत्संग का आयोजन, महात्मा देवी लाल ने दिया प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश

बनीखेत में साप्ताहिक सत्संग का आयोजन, महात्मा देवी लाल ने दिया प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश

बनीखेत / चम्बा 08 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

स्थानीय संत निरंकारी सत्संग भवन बनीखेत में रविवार को साप्ताहिक सत्संग का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण में किया गया। सत्संग में क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर सतगुरु के विचारों का श्रवण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महात्मा देवी लाल जी ने की। इस दौरान उन्होंने अपने प्रवचनों के माध्यम से संगत को मानवता, प्रेम, आपसी भाईचारे, एकता और सद्भावना का संदेश दिया।

महात्मा देवी लाल जी ने कहा कि ब्रह्मज्ञान की प्राप्ति के बाद मनुष्य के जीवन में सकारात्मक बदलाव आता है। ब्रह्मज्ञान इंसान को जाति, धर्म, ऊंच-नीच और अन्य सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर जीवन जीने की प्रेरणा देता है। जब व्यक्ति परमात्मा को जान लेता है, तो उसके मन में सभी के प्रति प्रेम, सम्मान और अपनत्व की भावना विकसित होती है। ऐसा व्यक्ति समाज में आपसी सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देने का कार्य करता है।उन्होंने कहा कि परमात्मा का बोध सतगुरु की कृपा से संभव होता है, जिसे ब्रह्मज्ञान कहा जाता है।

जब मनुष्य को परमात्मा का साक्षात्कार हो जाता है, तो उसके मन में किसी प्रकार का भ्रम नहीं रहता। ब्रह्मज्ञानी वही है, जो परमात्मा को अपने अंग-संग महसूस करते हुए सत्य और सद्मार्ग पर चलता है। उन्होंने कहा कि सच्ची भक्ति केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका वास्तविक स्वरूप दूसरों के प्रति प्रेम, सम्मान, सेवा और परोपकार की भावना में निहित है।महात्मा ने संगत से आह्वान किया कि वे आध्यात्मिक विचारों को अपने जीवन में अपनाकर समाज में प्रेम और सद्भाव का वातावरण स्थापित करें।सत्संग के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों और आध्यात्मिक विचारों के माध्यम से सतगुरु का गुणगान किया। कार्यक्रम का समापन श्रद्धा एवं भक्तिमय वातावरण में हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!