भगवान वाल्मीकि मंदिर डलहौजी कैंट में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया करवा चौथ का पर्व

डलहौजी/ चम्बा 30 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
भगवान वाल्मीकि मंदिर, डलहौजी कैंट में करवा चौथ का पावन पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों और धार्मिक श्रद्धा के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्र की सुहागिन महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने पति की लंबी आयु, उत्तम स्वास्थ्य तथा सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए निर्जला व्रत रखा। पर्व को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।करवा चौथ के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं ने सामूहिक रूप से भजन-कीर्तन कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके उपरांत महिलाओं ने पारंपरिक विधि-विधान के अनुसार करवा पूजन किया तथा एक-दूसरे की थालियां फेरकर सदियों से चली आ रही धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया।

इस अवसर पर पंडित अमन शर्मा ने विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न करवाई और उपस्थित महिलाओं को करवा चौथ की पौराणिक कथा सुनाई। उन्होंने पर्व के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि करवा चौथ भारतीय संस्कृति का एक महत्वपूर्ण पर्व है। यह पति-पत्नी के बीच प्रेम, विश्वास, समर्पण और आपसी सम्मान की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है। साथ ही यह पर्व भारतीय पारिवारिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के प्रति लोगों की गहरी आस्था को भी दर्शाता है।कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने पूजा की थालियों के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में हिस्सा लिया और एक-दूसरे को करवा चौथ की शुभकामनाएं दीं।धार्मिक आस्था, पारंपरिक रीति-रिवाजों और आपसी भाईचारे के बीच संपन्न हुए इस आयोजन ने डलहौजी कैंट क्षेत्र में भारतीय संस्कृति और सनातन धार्मिक परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की।