भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण के लिए विद्यार्थियों को किया जागरूक, बट्ट कॉलेज ऑफ नर्सिंग एवं आईटीआई में कार्यक्रम आयोजित

डलहौजी/ चम्बा 30 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत शुक्रवार को बट्ट कॉलेज ऑफ नर्सिंग एवं बट्ट आईटीआई, बोंखरी मोड़ में सतर्कता विभाग की ओर से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें अपने व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन में ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।कार्यक्रम में सतर्कता विभाग के इंस्पेक्टर योगेश कुमार एवं सब इंस्पेक्टर सतीश कुमार ने विशेष रूप से शिरकत की। इस दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों को भ्रष्टाचार के विभिन्न स्वरूपों, इसके समाज एवं देश के विकास पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों तथा इसकी रोकथाम में आम नागरिकों की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी।अधिकारियों ने कहा कि भ्रष्टाचार केवल सरकारी व्यवस्था तक सीमित समस्या नहीं है, बल्कि इसका प्रभाव समाज के प्रत्येक वर्ग पर पड़ता है। इससे विकास कार्य प्रभावित होते हैं और आम जनता का व्यवस्था पर विश्वास कमजोर होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे किसी भी प्रकार के अनुचित प्रलोभन से दूर रहें तथा अपने जीवन में ईमानदारी, अनुशासन और निष्पक्षता को प्राथमिकता दें।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं से करनी होगी।इस अवसर पर संस्थान के चेयरमैन परवेज अली बट्ट ने सतर्कता विभाग से पहुंचे दोनों अधिकारियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को किताबी शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों और नैतिक मूल्यों की जानकारी देना भी आवश्यक है। ऐसे कार्यक्रम युवाओं को सही दिशा प्रदान करते हैं।उन्होंने सतर्कता विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूकता केवल एक सप्ताह तक सीमित न रहकर दैनिक जीवन का हिस्सा बननी चाहिए।कार्यक्रम के अंत में कॉलेज एवं आईटीआई के विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध एकजुट होकर कार्य करने तथा अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने की शपथ ली। सभी ने भ्रष्टाचार मुक्त समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।