मणिमहेश यात्रा में चंबा पुलिस पूरी तरह मुस्तैद, एएसपी दिनेश शर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

चंबा 17 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान उमड़ रहे विशाल श्रद्धालु जनसैलाब को देखते हुए चंबा पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए पुलिस अधिकारी और जवान दिन-रात अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।इसी क्रम में वीरवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जिला चंबा दिनेश शर्मा ने यात्रा मार्ग, चौरासी परिसर सहित विभिन्न भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।निरीक्षण के दौरान एएसपी ने भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की।

उन्होंने पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। साथ ही भीड़ वाले स्थानों पर लगातार निगरानी बनाए रखने, यातायात को व्यवस्थित रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने को कहा।मणिमहेश यात्रा के दौरान चंबा पुलिस के अधिकारी और जवान कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच भी लगातार ड्यूटी निभा रहे हैं। पुलिस की ओर से यात्रा मार्ग और प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सहायता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भी अपील की कि वे प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा यात्रा के दौरान संयम और सावधानी बरतें।
