महिलाओं को 1500 रुपये देने के मुद्दे पर जय सिंह का कांग्रेस सरकार पर हमला

चंबा 03 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जय सिंह ने महिलाओं को 1500 रुपये देने के मुद्दे पर प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने चुनाव के दौरान महिलाओं को 1500 रुपये देने का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद महिलाओं से फार्म भरवाने के बावजूद पर्याप्त बजट जारी नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार 28 लाख महिलाओं को राशि देने का दावा कर रही है, जबकि धरातल पर स्थिति अलग है।जय सिंह ने बताया कि चंबा विधानसभा क्षेत्र में 21,130 महिलाओं ने आवेदन किया। ग्राम सभाओं को 21,130 आवेदन भेजे गए, जिनमें से 16,325 को अनुमति मिली, जबकि 3,984 आवेदन लंबित हैं। अब तक 638 महिलाओं को 28 लाख 71 हजार रुपये का लाभ मिला है।डल्हौजी में 3,978 आवेदन आए, जिनमें 531 को ग्राम सभा की अनुमति मिली और 3,433 आवेदन लंबित हैं। यहां 88 महिलाओं को 3 लाख 96 हजार रुपये का भुगतान किया गया। भटियात में 9,968 आवेदन ग्राम सभाओं को भेजे गए, जिनमें 2,823 स्वीकृत हुए और 7,021 लंबित हैं। यहां 389 महिलाओं को 17 लाख 55 हजार रुपये का लाभ मिला।

सलूणी में 10,586 आवेदन प्राप्त हुए और 10,546 ग्राम सभाओं को भेजे गए। 35 आवेदन लंबित हैं तथा 63 महिलाओं को 2 लाख 83 हजार 500 रुपये दिए गए। चुराह में 11,631 आवेदन आए, 2,724 स्वीकृत हुए और 8,785 लंबित हैं। यहां 67 महिलाओं को 3 लाख 15 हजार रुपये मिले।भरमौर में 4,337 आवेदन ग्राम सभा को भेजे गए, जिनमें 4,220 को अनुमति मिली और 180 महिलाओं को 4 लाख 86 हजार रुपये का लाभ मिला। पांगी में 2,785 आवेदन भेजे गए, 2,385 को अनुमति मिली और 400 लंबित हैं। यहां 1,926 महिलाओं को 2 लाख 88 हजार 900 रुपये का लाभ मिलने की जानकारी दी गई।जय सिंह ने कहा कि चंबा जिले में कुल 64,415 आवेदन हुए हैं, लेकिन अब तक 3,279 महिलाओं को ही 63 लाख 77 हजार 400 रुपये का लाभ मिला है। उन्होंने सरकार से लंबित आवेदनों पर स्थिति स्पष्ट करने और पात्र महिलाओं को शीघ्र राशि जारी करने की मांग की।