मिंजर मेले में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, बाहरी व्यापारियों पर कसा शिकंजा

मिंजर मेले में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, बाहरी व्यापारियों पर कसा शिकंजा

चम्बा 31 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 के दौरान बाहर से आए खाद्य व्यापारियों पर स्वास्थ्य विभाग ने सख्ती तेज कर दी है। मेले में विभिन्न स्थानों पर खाने-पीने की सामग्री बेचने वाले कई व्यापारियों के खिलाफ गुणवत्ता संबंधी शिकायतें मिलने के बाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निरीक्षण अभियान चलाया।जानकारी के अनुसार विभाग को लगातार ऐसी सूचनाएं मिल रही थीं कि कुछ व्यापारी खाद्य पदार्थों की शुद्धता की अनदेखी कर रहे हैं और सड़े-गले व खराब पकवान लोगों को बेच रहे हैं। इससे मेले में आए श्रद्धालुओं और पर्यटकों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता था। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए असिस्टेंट कमिश्नर फूड सेफ्टी चंबा दीपक आनंद के नेतृत्व में टीम ने मेले के विभिन्न हिस्सों में औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान टीम ने कई दुकानों की जांच की और संदिग्ध पाए गए खाद्य पदार्थों के सैंपल एकत्रित किए। साथ ही, नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों के चालान भी किए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।दीपक आनंद ने बताया कि विभाग की टीम लगातार मेले के दौरान सक्रिय रहेगी और नियमित रूप से निरीक्षण करती रहेगी। उन्होंने अन्य व्यापारियों को भी चेतावनी देते हुए कहा कि वे स्वच्छता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें।उन्होंने सभी विक्रेताओं को निर्देश दिए कि वे खाद्य सामग्री तैयार करते और बेचते समय मास्क, ग्लव्ज और सिर पर टोपी का उपयोग अनिवार्य रूप से करें।

साथ ही, खाने-पीने की वस्तुओं को ढककर रखें, ताकि धूल, गंदगी और कीड़े-मकोड़ों से बचाव हो सके। विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे साफ-सुथरी और सुरक्षित जगहों से ही खाद्य सामग्री खरीदें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!