मणिमहेश यात्रा से पहले बड़ा कदम, खतरनाक स्थल पर सेना बनाएगी बेली ब्रिज, चंबा–भरमौर एनएच होगा सुरक्षित

चम्बा 31 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा–भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित अत्यंत संवेदनशील और खतरनाक स्थल को सुरक्षित बनाने के लिए भारतीय सेना ने मोर्चा संभाल लिया है। आगामी पवित्र मणिमहेश यात्रा को ध्यान में रखते हुए इस स्थान पर बेली ब्रिज के निर्माण की योजना तैयार की गई है। इसी कड़ी में भारतीय सेना और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की संयुक्त टीम ने मौके का निरीक्षण कर विस्तृत तकनीकी आकलन किया।बताया जा रहा है कि यह मार्ग पिछले कुछ समय से भूस्खलन और पहाड़ियों से चट्टानें गिरने की घटनाओं के कारण लगातार जोखिम भरा बना हुआ है।

खासकर बारिश के मौसम में यहां आवागमन बेहद कठिन और खतरनाक हो जाता है। इससे न केवल स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, बल्कि मणिमहेश यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी यह मार्ग चुनौतीपूर्ण बन जाता है।संयुक्त निरीक्षण के दौरान सेना के इंजीनियरिंग विशेषज्ञों ने स्थल की भौगोलिक स्थिति, मिट्टी की मजबूती और संभावित खतरे वाले क्षेत्रों का गहन अध्ययन किया। इसके आधार पर बेली ब्रिज के निर्माण की व्यवहार्यता और डिजाइन को लेकर विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों का मानना है कि सेना के अनुभव और तकनीकी दक्षता से इस कार्य को तेजी और सुरक्षित ढंग से पूरा किया जा सकेगा।

NHAI अधिकारियों ने भी विश्वास जताया कि यह पहल यात्रा को सुगम बनाने के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के यातायात को सुरक्षित करने में अहम भूमिका निभाएगी। बेली ब्रिज बनने से आपातकालीन परिस्थितियों में भी मार्ग को चालू रखा जा सकेगा।स्थानीय प्रशासन ने इसे बड़ी राहत बताते हुए कहा कि मणिमहेश यात्रा से पहले इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के प्रयास जारी हैं, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित की जा सके।
