मुख्यमंत्री सहारा योजना के तहत 4,050 सक्रिय लाभार्थियों का डाटा ऑनलाइन प्रणाली में स्थानांतरित

मुख्यमंत्री सहारा योजना के तहत 4,050 सक्रिय लाभार्थियों का डाटा ऑनलाइन प्रणाली में स्थानांतरित

चंबा 17 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने मुख्यमंत्री सहारा योजना की जानकारी देते हुए बताया कि पात्र लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से जिले में योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। योजना के तहत अधिसूचित बीमारियों से पीड़ित पात्र लाभार्थियों को वित्तीय सहायता के साथ-साथ आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया जाता है, ताकि बीमारी के दौरान उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।उपायुक्त ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा योजना के प्रभावी, पारदर्शी एवं सुचारू क्रियान्वयन के लिए ऑनलाइन व्यवस्था शुरू की गई है। वर्तमान में जिले के 4,050 सक्रिय पात्र लाभार्थियों का डाटा नई ऑनलाइन प्रणाली में स्थानांतरित किया जा चुका है। इन सभी लाभार्थियों की आधार आधारित ई-केवाईसी प्रक्रिया भी पूर्ण कर ली गई है। उन्होंने बताया कि पात्र लाभार्थियों को अप्रैल से जून 2026 की अवधि की वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सहारा योजना के अंतर्गत नए पात्र लाभार्थियों के लिए भी ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। योजना का लाभ प्राप्त करने के इच्छुक पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति घर बैठे ई-कल्याण पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए लाभार्थी https://himparivar.hp.gov.in/ekalyan पोर्टल पर जाकर मुख्यमंत्री सहारा योजना का चयन कर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।उपायुक्त ने जिले के सभी पात्र एवं जरूरतमंद लोगों से योजना की जानकारी प्राप्त कर अपनी पात्रता के अनुसार समय पर ऑनलाइन आवेदन करने का आग्रह किया। उन्होंने पंचायती राज संस्थाओं, शहरी स्थानीय निकायों, स्वास्थ्य संस्थानों तथा संबंधित विभागों से भी मुख्यमंत्री सहारा योजना की जानकारी अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से यह सुनिश्चित किया जा सकता है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!