आपदा प्रभावित क्षेत्रों का मुख्यमंत्री ने किया दौरा, राहत कार्यों में तेजी के निर्देश

आपदा प्रभावित क्षेत्रों का मुख्यमंत्री ने किया दौरा, राहत कार्यों में तेजी के निर्देश

चंबा, 01 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज चंबा जिले के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर मानसून के दौरान भारी वर्षा और भूस्खलन से हुए नुकसान का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं कठिनाइयों की जानकारी प्राप्त की।मुख्यमंत्री सबसे पहले शीतला पुल और सुल्तानपुर के राणा मोहल्ला क्षेत्र पहुंचे, जहां इस बार मानसून के कारण भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और आश्वासन दिया कि राज्य सरकार इस कठिन समय में उनके साथ मजबूती से खड़ी है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवश्यक सेवाओं की शीघ्र बहाली सुनिश्चित की जाए तथा क्षतिग्रस्त सड़कों और बुनियादी ढांचे की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाए।उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी चंबा जिले को मानसून के कारण भारी नुकसान उठाना पड़ा था और इस वर्ष भी स्थिति गंभीर रही है। बावजूद इसके, सरकार राहत एवं पुनर्वास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ा रही है, ताकि प्रभावित परिवारों को जल्द राहत मिल सके।इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने सुल्तानपुर में निर्माणाधीन हेलीपोर्ट का निरीक्षण किया।

उन्होंने बताया कि लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह हेलीपोर्ट जिले के विकास में अहम भूमिका निभाएगा। इसके माध्यम से हवाई संपर्क बेहतर होगा और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि वर्ष के अंत तक अथवा अगले वर्ष की शुरुआत में हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू करने के प्रयास सफल होंगे।इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, विधायक नीरज नैयर, पूर्व मंत्री आशा कुमारी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!