लाहौल-स्पीति पुलिस की वेलफेयर एवं क्राइम मीटिंग आयोजित, लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के निर्देश

केलांग 28 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिला लाहौल एवं स्पीति पुलिस की वेलफेयर एवं क्राइम मीटिंग का आयोजन शनिवार को पुलिस लाइन केलांग में किया गया। बैठक की अध्यक्षता डीएसपी केलांग श केडी शर्मा ने की। इस दौरान जिला पुलिस के विभिन्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। बैठक में पुलिस कर्मचारियों के कल्याण, सुविधाओं तथा जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक के आरंभ में पुलिस कर्मचारियों से उनकी कल्याण संबंधी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली गई। कर्मचारियों द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने पर विचार-विमर्श किया गया। इसके बाद जिले में दर्ज विभिन्न आपराधिक मामलों की समीक्षा की गई।डीएसपी केलांग ने सभी थाना प्रभारियों (एसएचओ) एवं जांच अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित अभियोगों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटारा सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने अपराधों की जांच में तेजी लाने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया।बैठक में नशा तस्करी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट, अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी अधिनियम तथा जुआ गतिविधियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत अधिक से अधिक प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नशा निवारण समितियों के साथ नियमित बैठकें आयोजित करने और जनसहभागिता के माध्यम से नशे के विरुद्ध जागरूकता अभियान मजबूत बनाने को कहा गया।इसके अतिरिक्त यातायात नियमों के उल्लंघन पर मोटर वाहन अधिनियम, तंबाकू उत्पादों की बिक्री एवं सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान के विरुद्ध कोटपा अधिनियम तथा अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए खनन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।डीएसपी केडी शर्मा ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए आम जनता को बेहतर पुलिस सेवाएं प्रदान करने का आह्वान किया।
