विश्व मधुमेह दिवस पर चम्बा में जागरूकता एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित

विश्व मधुमेह दिवस पर चम्बा में जागरूकता एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित

चम्बा 17 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग चम्बा की ओर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में विशेष जागरूकता एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। इसका मुख्य उद्देश्य मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी गैर-संचारी बीमारियों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा समय रहते इनकी पहचान और रोकथाम सुनिश्चित करना रहा।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी चम्बा डॉ. जालम भारद्वाज ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गैर-संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने जिले में कार्यक्रम के तहत चलाई जा रही विभिन्न गतिविधियों, उपलब्ध आंकड़ों तथा मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप की रोकथाम और नियंत्रण के लिए किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली, असंतुलित खानपान, शारीरिक गतिविधियों में कमी और बढ़ते मानसिक तनाव के कारण गैर-संचारी रोगों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में लोगों को अपनी दिनचर्या में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए। नियमित स्वास्थ्य जांच भी इन बीमारियों से बचाव का महत्वपूर्ण माध्यम है।जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित रूप से ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की जांच करवाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मधुमेह और उच्च रक्तचाप के शुरुआती लक्षण अक्सर स्पष्ट दिखाई नहीं देते, जिसके चलते कई बार लोगों को बीमारी का पता काफी देर से चलता है। इसलिए समय-समय पर जांच करवाना बेहद जरूरी है, ताकि बीमारी का शुरुआती चरण में पता लगाकर गंभीर स्वास्थ्य जटिलताओं से बचा जा सके।शिविर के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के ब्लड प्रेशर तथा ब्लड शुगर की जांच भी की गई।

साथ ही संतुलित आहार लेने, नियमित व्यायाम करने, शारीरिक रूप से सक्रिय रहने तथा तंबाकू सहित अन्य हानिकारक आदतों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।अंत में स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की कि वे मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप को हल्के में न लें और नियमित स्वास्थ्य जांच करवाकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!