दुर्गम पंचायतों में आपदा प्रबंधन को मिली नई ताकत ,आपदा रक्षक प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न

दुर्गम पंचायतों में आपदा प्रबंधन को मिली नई ताकत ,आपदा रक्षक प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न

चंबा 26 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला चंबा की दुर्गम एवं आपदा-संवेदनशील पंचायतों में आपदा से निपटने की क्षमता को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत “आपदा रक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम” का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP), जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) चंबा तथा द्रोण समिति चंबा के संयुक्त सहयोग से संपन्न हुआ।प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं, स्वयंसेवकों एवं समुदाय प्रतिनिधियों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया देने के लिए प्रशिक्षित करना था।

प्रतिभागियों को खोज एवं बचाव कार्य, प्राथमिक उपचार, राहत प्रबंधन तथा सामुदायिक सुरक्षा से जुड़े व्यावहारिक कौशल प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान भूस्खलन, बाढ़, बादल फटना, जंगल की आग तथा भूकंप जैसी आपदाओं से निपटने के तरीकों पर विस्तार से जानकारी दी गई।विशेष रूप से भूकंप सुरक्षा पर विशेषज्ञों ने बताया कि चंबा जिला भूकंपीय दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है और इसका अधिकांश भाग जोन-IV तथा जोन-V में आता है। ऐसे में सुरक्षित भवन निर्माण, पूर्व तैयारी और जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। प्रतिभागियों को भूकंप से पहले, दौरान और बाद में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों का अभ्यास भी करवाया गया।प्रशिक्षण में सुरक्षित निकासी, संचार व्यवस्था, खुले स्थानों की पहचान तथा स्थानीय संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया गया।

प्रशिक्षित आपदा रक्षक अब अपने-अपने क्षेत्रों में प्रथम प्रतिक्रिया देने वाले स्वयंसेवकों के रूप में कार्य करेंगे और समुदाय को जागरूक बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।द्रोण समिति चंबा ने कहा कि आपदा प्रबंधन केवल सरकारी एजेंसियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। यह पहल समुदाय आधारित आपदा प्रबंधन को मजबूती प्रदान करेगी और जोखिम को कम करने में सहायक सिद्ध होगी।इस कार्यक्रम से चंबा की दुर्गम पंचायतों में सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की भावना को नई मजबूती मिली है। भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है, ताकि प्रत्येक पंचायत आपदा के प्रति अधिक तैयार और सक्षम बन सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!