सलूणी के गांव लाहरा में घास का बोझा लेकर घर लौट रही महिला की ढांक से गिरकर दुखद मौ#त

सलूणी के गांव लाहरा में घास का बोझा लेकर घर लौट रही महिला की ढांक से गिरकर दुखद मौ#त

सलूणी/ चम्बा 20 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

उपमंडल सलूणी की ग्राम पंचायत खड़जोता के लाहरा गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला घासनी से घास का बोझा लेकर घर लौट रही थी, इसी दौरान तंग और फिसलन भरे रास्ते पर उसका अचानक पैर फिसल गया और वह करीब 50 मीटर गहरी ढांक से नीचे सड़क पर जा गिरी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

मृतका की पहचान देवली देवी (50) पत्नी डुला राम, निवासी गांव एवं डाकघर लाहरा, तहसील सलूणी, जिला चंबा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार देवली देवी शनिवार सुबह गांव की कुछ अन्य महिलाओं के साथ घर से कुछ दूरी पर स्थित अपनी निजी घासनी में घास काटने गई थी। घास काटने के बाद करीब 11 बजे उसने घास का बोझा पीठ पर उठाया और घर की ओर लौटने लगी। इसी दौरान रास्ते में अचानक पैर फिसलने से वह अपना संतुलन खो बैठी और लुढ़कती हुई करीब 50 मीटर नीचे सड़क पर जा गिरी।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा घायल देवली देवी को निजी वाहन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डियूर पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसने दम तोड़ दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

देवली देवी अपने पीछे पति और तीन बच्चों को छोड़ गई हैं। बताया जा रहा है कि उसके बच्चे काम के सिलसिले में राज्य से बाहर रहते हैं। उनके घर पहुंचने के बाद रविवार को महिला का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी है, जिसके चलते मामला पुलिस तक नहीं पहुंचा है। ग्राम पंचायत खड़जोता के प्रधान सुनी राम ने हादसे की पुष्टि करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!