होली स्कूल में डीएलएसए चम्बा ने विद्यार्थियों को बताए कानूनी अधिकार, 150 छात्रों ने लिया जागरूकता कार्यक्रम में भाग

होली स्कूल में डीएलएसए चम्बा ने विद्यार्थियों को बताए कानूनी अधिकार, 150 छात्रों ने लिया जागरूकता कार्यक्रम में भाग

राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस एवं बाल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हुआ कार्यक्रम, बच्चों को निःशुल्क कानूनी सहायता और बाल अधिकारों की दी जानकारी

होली /चम्बा , 13 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) चम्बा की ओर से राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस एवं बाल दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला होली में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के तहत आयोजित सप्ताहव्यापी जागरूकता गतिविधियों के अंतर्गत हुए इस कार्यक्रम में करीब 150 विद्यार्थियों ने भाग लिया।कार्यक्रम के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्बा के सचिव श्री एकांश कपिल ने विद्यार्थियों के साथ संवाद कर उन्हें उनके कानूनी अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि कानून की जानकारी प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ दूसरों के अधिकारों का भी सम्मान कर सकें।

संवादात्मक सत्र में विद्यार्थियों ने विभिन्न कानूनी विषयों से जुड़े सवाल पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।इस दौरान विद्यार्थियों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं एवं पहलों की जानकारी दी गई। विशेष रूप से बच्चों और समाज के कमजोर वर्गों के संरक्षण एवं कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे में बताया गया। साथ ही विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 के तहत पात्र लोगों को मिलने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता और विधिक सेवा प्राधिकरणों की कार्यप्रणाली से भी अवगत करवाया गया।कार्यक्रम में बाल अधिकारों, बाल शोषण, उत्पीड़न से बचाव तथा शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार या शोषण की स्थिति में संबंधित अधिकारियों और हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों से जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने तथा अपने परिवार और समाज में भी कानूनी जागरूकता का संदेश फैलाने का आह्वान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!