93 विद्यालयों के 900 से अधिक खिलाड़ी अंडर-19 जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में ले रहे भाग

93 विद्यालयों के 900 से अधिक खिलाड़ी अंडर-19 जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में ले रहे भाग

चंबा, 3 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

चंबा के ऐतिहासिक चौगान में शनिवार को जिला स्तरीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट की सलामी ली और ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता की शुरुआत की।

चार दिवसीय इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चंबा जिले के 93 विद्यालयों से 900 से अधिक छात्र-छात्राएं विभिन्न खेल स्पर्धाओं में हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान एथलेटिक्स, टेबल टेनिस, शतरंज, वेटलिफ्टिंग, जूडो, कराटे सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल गतिविधियां केवल पदक हासिल करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, परिश्रम, एकाग्रता और टीम भावना जैसे महत्वपूर्ण गुण विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि ये गुण विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों का मजबूती से सामना करने में मदद करते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी परिस्थितियों को सफलता के मार्ग में बाधा न बनने देने का आह्वान किया। उपायुक्त ने कहा कि सीमित संसाधनों वाले क्षेत्रों से निकलकर भी अनेक खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। इससे यह संदेश मिलता है कि प्रतिभा, मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।

उपायुक्त ने विद्यार्थियों से स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को भी अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रतियोगिता में भाग ले रहे खिलाड़ियों में से कई प्रतिभाएं भविष्य में चंबा और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।

इस अवसर पर आयोजन समिति की ओर से उपायुक्त मुकेश रेपसवाल को सम्मानित भी किया गया। इससे पहले उपनिदेशक स्कूल शिक्षा विकास महाजन ने स्वागत संबोधन में प्रतियोगिता से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की। कार्यक्रम में उपनिदेशक स्कूल शिक्षा गुणवत्ता उपमा शर्मा, सहायक जिला शारीरिक शिक्षा अधिकारी योगेश चौणा, शिक्षा विभाग के अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक-प्रशिक्षक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।त

चंबा, 03 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!