विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत बाथरी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज रहे मुख्य अतिथि

विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत बाथरी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज रहे मुख्य अतिथि

चंबा, 12 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

कृषि विज्ञान केंद्र चंबा के तत्वावधान में विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड भटियात की ग्राम पंचायत बाथरी में गुरुवार को एक दिवसीय कृषि जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, वहीं क्षेत्रीय विधायक भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।इस जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों के प्रयोग, फसल उत्पादन बढ़ाने, मृदा स्वास्थ्य परीक्षण और संसाधन प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी प्रदान करना था।

किसानों को केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही कृषि संबंधी योजनाओं के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई।कृषि विभाग के विशेषज्ञों ने किसानों को बताया कि कैसे वे वैज्ञानिक तरीकों से खेती करके उत्पादन में बढ़ोतरी कर सकते हैं और लागत को कम कर सकते हैं। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना, प्राकृतिक खेती योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, सूक्ष्म सिंचाई योजना जैसे लाभकारी कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की गई।सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने अपने संबोधन में कहा कि देश की आर्थिक रीढ़ माने जाने वाले किसानों को सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने किसानों से अपील की कि वे पारंपरिक कृषि के साथ-साथ आधुनिक तकनीकों को अपनाएं ताकि उत्पादन और आमदनी दोनों में वृद्धि हो सके। उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र चंबा की सराहना की कि वह ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर किसानों को जागरूक कर रहा है।स्थानीय विधायक ने भी किसानों को संबोधित करते हुए सरकार की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की और कृषि वैज्ञानिकों द्वारा दी जा रही तकनीकी जानकारी को गंभीरता से अपनाने की सलाह दी।

कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए कई किसानों ने भाग लिया और अपने अनुभव साझा किए। किसानों ने ऐसे आयोजनों को अत्यंत लाभकारी बताया और कृषि विज्ञान केंद्र चंबा, सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज व स्थानीय विधायक का विशेष आभार प्रकट किया कि उन्होंने अपने व्यस्त समय में से समय निकालकर किसानों के लिए यह आयोजन सुनिश्चित करवाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!