योग मानव विकास ट्रस्ट ने किया “स्वास्थ्य मित्र अभियान” का शुभारंभ, स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता पर जोर

डलहौजी/चम्बा, 7 नवम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
योग मानव विकास ट्रस्ट द्वारा “स्वास्थ्य मित्र अभियान” की शुरुआत एनएचपीसी दिवस के अवसर पर एनएचपीसी क्षेत्रीय कार्यालय बनीखेत में की गई। इस कार्यक्रम का शुभारंभ एनएचपीसी के कार्यकारी निदेशक श्री ओम प्रकाश व अन्य विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में किया गया। ट्रस्ट की अध्यक्षा किरण डोडेजा ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य आम जनमानस को स्वस्थ जीवनशैली और शरीर की प्राकृतिक कार्य प्रणाली के प्रति जागरूक करना है।उन्होंने कहा कि मानव शरीर ईश्वर का दिया गया एक अनमोल उपहार है, जो अपने आप में पूर्ण और आत्मनिर्भर प्रणाली है। लेकिन आधुनिक जीवनशैली, गलत खानपान, अनुचित मुद्रा, व्यायाम की कमी और मोबाइल की लत ने लोगों को रोगग्रस्त बना दिया है।

उन्होंने बताया कि हमारे देश में हजारों वर्ष पूर्व बिना डॉक्टरों और दवाओं के भी लोग स्वस्थ जीवन व्यतीत करते थे, जबकि आज अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के बावजूद लोग शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से अस्वस्थ हो रहे हैं।किरण डोडेजा ने कहा कि वर्ष 2013 से ट्रस्ट द्वारा आयोजित वेलनेस रिट्रीट आवासीय शिविरों के सकारात्मक परिणामों से यह निष्कर्ष निकला कि जनता को शरीर की मूल कार्यप्रणाली के नियमों की जानकारी नहीं है। इसी उद्देश्य से एनएचपीसी, पतंजलि और अन्य संस्थाओं के सहयोग से यह अभियान प्रारंभ किया गया है।

कार्यक्रम में कानपुर, भोपाल, देहरादून, दिल्ली और फरीदाबाद से कई विशिष्ट अतिथि ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। इस अवसर पर यह संकल्प लिया गया कि “स्वास्थ्य मित्र अभियान” के माध्यम से योग, प्राणायाम, सही आहार और जीवनशैली सुधार से संबंधित शिक्षाओं को सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों द्वारा देशभर में फैलाया जाएगा।