नूरपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी, चोरी हुई ऑल्टो कार पंजाब से बरामद

नूरपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी, चोरी हुई ऑल्टो कार पंजाब से बरामद

कांगड़ा/नूरपुर 19 मई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत नूरपुर पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए जनवरी 2025 में चोरी हुई एक मारुति ऑल्टो कार को पंजाब के माधोपुर क्षेत्र से बरामद कर लिया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता और तकनीकी दक्षता का एक बार फिर परिचय मिला है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 08 जनवरी 2025 को शिकायतकर्ता समीर सहोत्रा, निवासी चौगान बाजार नूरपुर, ने अपनी ऑल्टो कार (नंबर HP 38B 6002) के चोरी होने की शिकायत पुलिस थाना नूरपुर में दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया था कि उनकी कार चिनवा रोड स्थित उनके गैराज से अज्ञात चोरों द्वारा चुरा ली गई है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।मामले की तफ्तीश के दौरान पुलिस टीम ने आधुनिक तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया जानकारी का सहारा लिया।

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने चोरीशुदा वाहन की लोकेशन ट्रेस करते हुए उसे पंजाब के माधोपुर क्षेत्र से बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया। यह कार्रवाई पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्यप्रणाली को दर्शाती है।पुलिस अधीक्षक पुलिस जिला नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है तथा चोरी में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।इस सफलता से नूरपुर क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है और पुलिस पर विश्वास और भी बढ़ा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी इसी तरह अपराधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!