हिमाचल में तीन चरणों में हो सकते हैं पंचायत चुनाव, तैयारियों में जुटा निर्वाचन आयोग

हिमाचल में तीन चरणों में हो सकते हैं पंचायत चुनाव, तैयारियों में जुटा निर्वाचन आयोग

शिमला, 9 नवंबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव इस बार भी तीन चरणों में आयोजित किए जाने की संभावना है। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए तेजी दिखानी शुरू कर दी है। आयोग के अनुसार, मतदाता सूचियों को अद्यतन करने का कार्य जारी है, जबकि दावे और आपत्तियों के निपटारे की अंतिम तिथि 13 नवंबर निर्धारित की गई है। इसके बाद मतदाता सूचियों को अंतिम रूप देकर निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी।गौरतलब है कि वर्ष 2021 में भी पंचायत चुनाव तीन चरणों में कराए गए थे। उस समय 3615 में से 3572 पंचायतों में मतदान हुआ था। पहला चरण 17 जनवरी, दूसरा 19 जनवरी और तीसरा चरण 21 जनवरी को सम्पन्न हुआ था। आयोग के अधिकारियों का कहना है कि एक ही चरण में पूरे राज्य में पंचायत चुनाव कराना संभव नहीं है, क्योंकि इसके लिए बड़ी संख्या में कर्मचारियों, अधिकारियों और सुरक्षा बलों की आवश्यकता पड़ती है। चरणबद्ध मतदान प्रशासनिक रूप से अधिक सुरक्षित और प्रभावी तरीका माना जाता है।इस बार प्रदेश की कुल 3577 पंचायतों में चुनाव होंगे। आयोग ने मतपत्रों की छपाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। यह चुनाव गैर-दलीय आधार पर होंगे, इसलिए किसी भी प्रत्याशी को पार्टी चुनाव चिह्न आवंटित नहीं किए जाएंगे। पिछली बार यानी 2021 में कुल 21,198 मतदान केंद्र स्थापित किए गए थे, जिनमें से 972 केंद्रों को अतिसंवेदनशील घोषित किया गया था। उस समय कोविड-19 महामारी के बीच चुनाव कराए गए थे और सभी स्वास्थ्य प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया गया था।सूत्रों के अनुसार, कुछ जिलों में पंचायत पुनर्गठन के प्रस्ताव अभी लंबित हैं। आयोग ने संबंधित जिलों को 15 नवंबर तक अपनी रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं। यदि पुनर्गठन होता है तो मतदाता सूचियों में संशोधन किया जा सकता है।इस बीच पंचायत चुनावों में संभावित देरी को लेकर मामला हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय तक पहुंच गया है। अदालत ने राज्य सरकार और निर्वाचन आयोग से जवाब मांगा है। निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि वह समय पर चुनाव कराने के लिए पूरी तरह तैयार है और आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!