पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा के विद्यार्थियों ने लगातार दो वर्षों तक किया प्रदेश में टॉप

पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा के विद्यार्थियों ने लगातार दो वर्षों तक किया प्रदेश में टॉप

चंबा 14 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)


पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल चंबा ने शैक्षणिक उत्कृष्टता का नया मानदंड स्थापित किया है। कॉलेज के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने लगातार दूसरे वर्ष भी अटल आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय, मंडी द्वारा आयोजित प्रथम प्रोफेशनल एमबीबीएस परीक्षाओं में प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। यह जानकारी संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. पंकज गुप्ता ने दी।

डॉ. गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2024 और 2025 दोनों ही वर्षों में कॉलेज के एमबीबीएस प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने विशिष्ट अंक (Distinction Marks) प्राप्त करते हुए पूरे हिमाचल प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। उन्होंने कहा कि ये उपलब्धियां न केवल विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत का परिणाम हैं बल्कि कॉलेज के उच्च स्तरीय शिक्षण-प्रशिक्षण और अनुशासित शैक्षणिक वातावरण की भी पहचान हैं।

वर्ष 2024 में छात्रा अदिति जंवाल, सुपुत्री बी.एस. जंवाल निवासी पालमपुर, ने 900 में से 717 अंक (80%) प्राप्त कर विश्वविद्यालय टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। अदिति ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कॉलेज के लिए गौरव का क्षण प्रस्तुत किया। वहीं, इस शैक्षणिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए वर्ष 2025 में सुप्रीत कौर, सुपुत्री प्रितपाल सिंह शाह निवासी पांवटा साहिब, ने 900 में से 684 अंक (76%) अर्जित कर प्रथम प्रोफेशनल एमबीबीएस परीक्षा में विशिष्ट श्रेणी के साथ विश्वविद्यालय टॉपर बनीं।

प्रधानाचार्य डॉ. पंकज गुप्ता ने कहा कि चंबा मेडिकल कॉलेज निरंतर शैक्षणिक गुणवत्ता में नए आयाम गढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि इन उपलब्धियों का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और संस्थान की अकादमिक उत्कृष्टता को जाता है। उन्होंने भविष्य में भी इसी उत्साह और गुणवत्ता को बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया।

लगातार दो वर्षों तक प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त कर पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा ने यह सिद्ध कर दिया है कि सीमांत जिला होने के बावजूद यह संस्थान प्रतिभा और गुणवत्ता का अग्रणी केंद्र है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!