18–19 नवंबर को चम्बा दौरे पर रहेंगे लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विकास कार्यों का करेंगे निरीक्षण

18–19 नवंबर को चम्बा दौरे पर रहेंगे लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विकास कार्यों का करेंगे निरीक्षण

चम्बा, 17 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह 18 और 19 नवंबर को दो दिवसीय चम्बा प्रवास पर रहेंगे। विभागीय प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि मंत्री 18 नवंबर को शाम 7 बजे डलहौज़ी पहुंचेंगे, जहां उनका रात्रि विश्राम परिधि गृह डलहौज़ी में निर्धारित है। यह दौरा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा और जनसंपर्क को मजबूती देने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

19 नवंबर की सुबह विक्रमादित्य सिंह अपने डलहौज़ी कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 10 बजे करेंगे, जहां वे डलहौज़ी मास्टर प्लान पुस्तक का विधिवत विमोचन करेंगे। यह मास्टर प्लान क्षेत्र के दीर्घकालिक विकास, पर्यटन ढांचे के सुदृढ़ीकरण और पर्यावरणीय संरक्षण के दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके बाद सुबह 11:30 बजे वे विधानसभा क्षेत्र डलहौज़ी के अंतर्गत चकरा से शेरपुर को जोड़ने वाले नवनिर्मित सड़क सम्पर्क मार्ग की आधारशिला रखेंगे, जिससे स्थानीय लोगों के आवागमन में सुविधा बढ़ेगी और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को नई गति मिलेगी।

विभागीय प्रवक्ता ने बताया कि मंत्री दोपहर 2 बजे चम्बा पहुंचेंगे। यहां वे विधानसभा क्षेत्र चम्बा के तहत चल रहे विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे संबंधित विभागीय अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट प्राप्त करेंगे और आवश्यक दिशानिर्देश भी देंगे।

शाम 4 बजे विक्रमादित्य सिंह चम्बा के ऐतिहासिक चौगान में आयोजित बीसवीं राजकुमार बृजेन्द्र सिंह मेमोरियल क्रिकेट खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम के उपरांत वे शाम 5:30 बजे हमीरपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

मंत्री का यह दौरा चम्बा जिला के लिए विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!