6 दिसम्बर को शिमला में धूमधाम से मनाया जाएगा गृह रक्षा विभाग का 63वां स्थापना दिवस

6 दिसम्बर को शिमला में धूमधाम से मनाया जाएगा गृह रक्षा विभाग का 63वां स्थापना दिवस

शिमला 20 नवंबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

गृह रक्षा विभाग का 63वां स्थापना दिवस 6 दिसम्बर 2025 को शिमला स्थित केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान सरंघीण में बड़े ही धूमधाम और सम्मानपूर्वक मनाया जाएगा। यह समारोह उन सभी गृह रक्षकों और स्वयंसेवकों की सेवा, निष्ठा और अनुशासन को समर्पित होगा, जो प्रदेश में सुरक्षा, शांति और आपदा प्रबंधन में निरंतर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। यह जानकारी आदेशक गृह रक्षा, आठवीं वाहिनी चम्बा, कुशल चन्द ने आज यहां दी।उन्होंने बताया कि इस आयोजन को यादगार बनाने के लिए कमाण्डेंट जनरल सतवंत अटवाल त्रिवेदी द्वारा सभी वाहिनियों को निर्देश जारी किए गए हैं कि वे अपने क्षेत्र में जाकर विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों और उपलब्धियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि आम जनता विभाग की सेवाओं से भली-भांति परिचित हो सके।कुशल चन्द ने कहा कि गृह रक्षा विभाग पुलिस के साथ कानून व्यवस्था बनाए रखने, यातायात नियंत्रण, महत्वपूर्ण स्थानों की सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा तथा आपदा के समय जान-माल की रक्षा में अहम योगदान देता है। इसके अतिरिक्त पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण, नशा निवारण और स्वच्छता अभियानों में भी विभाग सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने बताया कि आपदा प्रबंधन के तहत विभाग द्वारा जिला चम्बा के स्कूलों, संस्थानों और उद्योगों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। वर्ष 2025 में गृह रक्षा और अग्नि शमन विभागों की इकाइयों द्वारा 70 स्वच्छता अभियान, 99 जन-जागरूकता कार्यक्रम और 184 आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल आयोजित की गईं, जिनमें 21,553 लोगों और स्कूली बच्चों को प्रशिक्षित किया गया।इसके साथ ही चम्बा के विभिन्न फायर स्टेशनों और चौकियों ने अग्नि सुरक्षा में उल्लेखनीय योगदान देते हुए करोड़ों रुपये की संपत्ति को संरक्षित किया, 34 लोगों को मौत के खतरे से बचाया और 22 पशुधन की भी सुरक्षा की।अंत में आदेशक कुशल चन्द ने विश्वास व्यक्त किया कि विभाग भविष्य में भी अपनी क्षमता को और सुदृढ़ करते हुए हर आपदा में प्रदेश और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!