सलूणी के जखराल गांव में भीषण अग्निकांड, लाखों की संपत्ति जलकर राख

सलूणी के जखराल गांव में भीषण अग्निकांड, लाखों की संपत्ति जलकर राख

सलूणी/चंबा 21 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

उपमंडल सलूणी के जखराल गांव में बीती रात लगभग 12 बजे अचानक लगी आग ने भारी तबाही मचा दी। देर रात को हुई इस घटना ने गांव में अफरा-तफरी का माहौल बना दिया। देखते ही देखते आग इतनी तेज़ी से भड़क उठी कि कुछ ही मिनटों में एक दुकान पूरी तरह आग की चपेट में आ गई और जलकर राख हो गई।मिली जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन घटना में भारी नुकसान हुआ है। दुकान के अलावा दुकान के पास खड़ी एक कार, एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल भी आग की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि आग इतनी तीव्र थी कि वाहन कुछ ही पलों में जलकर कबाड़ में तब्दील हो गए।घटना के दौरान स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने बाल्टियों, पाइपों और उपलब्ध साधनों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। आग बुझाने में ग्रामीणों की टीम देर रात तक जुटी रही।सूचना मिलते ही प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और नुकसान का आंकलन शुरू कर दिया है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार नुकसान लाखों में बताया जा रहा है। तो वहीं आगजनी की इस घटना से स्थानीय विधायक डीएस ठाकुर ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि वे आगजनी से प्रभावितों की यथासंभव मदद करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!