शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने 1.40 करोड़ से निर्मित बघाल स्कूल भवन का किया लोकार्पण, उबादेश क्षेत्र को मिली कई विकास योजनाओं की सौगात

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने 1.40 करोड़ से निर्मित बघाल स्कूल भवन का किया लोकार्पण, उबादेश क्षेत्र को मिली कई विकास योजनाओं की सौगात

शिमला 08 दिसम्बर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस ( ब्यूरो)

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज कोटखाई उपमंडल के अंतर्गत उबादेश क्षेत्र के दौरे के दौरान 1 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित राजकीय उच्च विद्यालय बघाल के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों को बधाई देते हुए कहा कि इस भवन के निर्माण से क्षेत्र में शैक्षणिक गतिविधियों को नई मजबूती मिलेगी और बच्चों को अपने घर के समीप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की सुविधा उपलब्ध होगी।

जनसभा को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि उबादेश क्षेत्र उनकी विधानसभा का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इस क्षेत्र से उनका भावनात्मक व पारिवारिक संबंध रहा है, जिसकी नींव ठाकुर रामलाल के समय रखी गई थी। उन्होंने क्षेत्रवासियों को निरंतर सहयोग और आशीर्वाद के लिए धन्यवाद दिया।विकास कार्यों की जानकारी देते हुए रोहित ठाकुर ने बताया कि वर्तमान कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में उबादेश क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। पिछले तीन वर्षों में 19 नई सड़कों को मंजूरी दी गई है, जिनमें क्यारवी पंचायत की चार सड़कें शामिल हैं।

इसके अलावा, इसी सप्ताह दो और सड़कों को स्वीकृति दी जाएगी। “मातलू सराह-बघाल” सड़क का 2.57 करोड़ रुपये से उन्नयन किया जा रहा है, जबकि 4.76 करोड़ रुपये की मेलठ-कुइनल-कलबोग सड़क और 6.73 करोड़ रुपये की बनाड़ीगाड़-सुंदरनगर सड़क के प्राक्कलन नाबार्ड को भेजे जा चुके हैं। लोअर चौगन से लोअर गिलाह सड़क को एक माह के भीतर पास करने के निर्देश भी दिए गए हैं।उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 10 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण किया जा रहा है।

बाघी में पशु औषधालय भवन और कलबोग में 2.55 करोड़ रुपये से विद्यालय भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है, वहीं चमेन में अग्निशमन केंद्र का निर्माण भी जारी है।इससे पूर्व शिक्षा मंत्री ने क्यारवी-रियोघाटी मार्ग पर भूस्खलन से हुए नुकसान का जायजा लेकर सड़क बहाल करने के निर्देश दिए। बाद में उन्होंने मकराड़ा-मंगलोटी-क्यारवी में 48 लाख रुपये से निर्मित पेयजल योजना का भी लोकार्पण किया, जिससे ग्रामीणों को स्थायी पेयजल सुविधा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!