पंचायत चुनाव-2026 से पूर्व चंबा में मतदान कर्मियों का व्यापक पूर्वाभ्यास आयोजित

पंचायत चुनाव-2026 से पूर्व चंबा में मतदान कर्मियों का व्यापक पूर्वाभ्यास आयोजित

चंबा, 18 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)

पंचायती राज संस्थाओं के आगामी चुनाव-2026 के सफल एवं सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकास खंड चंबा में आज निर्वाचन पूर्वाभ्यास का आयोजन किया गया। यह पूर्वाभ्यास राजकीय महाविद्यालय चंबा के सभागार में संपन्न हुआ, जिसमें निर्वाचन ड्यूटी में तैनात मतदान कर्मियों को चुनाव प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक प्रशिक्षण एवं दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।इस पूर्वाभ्यास में कुल 533 मतदान कर्मियों ने भाग लिया, जिनमें 131 पीठासीन अधिकारी तथा 402 मतदान अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। प्रशिक्षण सत्र के दौरान अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया के प्रत्येक चरण को विस्तारपूर्वक समझाया, ताकि चुनाव के दिन किसी प्रकार की त्रुटि या असुविधा की स्थिति उत्पन्न न हो।कार्यक्रम में उपमंडलाधिकारी (ना) चंबा प्रियांशु खाती, निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं खंड विकास अधिकारी महेश चंद, पंचायत इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह तथा डाइट सरु के कंप्यूटर साइंस प्रवक्ता इमरान ने मतदान कर्मियों को आवश्यक जानकारी प्रदान की।

उन्होंने बैलेट पेपर आधारित निर्वाचन प्रक्रिया, मतदान सामग्री के सही उपयोग, मतदाता की पहचान, मतपेटियों के संचालन तथा मतदान केंद्रों पर अपनाई जाने वाली व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से बताया।इसके अतिरिक्त, मतदान कर्मियों को व्यावहारिक अभ्यास भी करवाया गया, जिससे वे वास्तविक मतदान प्रक्रिया के दौरान आत्मविश्वास के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें। अधिकारियों ने सभी कर्मियों को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया।इस पूर्वाभ्यास के माध्यम से प्रशासन ने यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया है कि पंचायत चुनाव-2026 पूरी तरह व्यवस्थित, निष्पक्ष और सफलतापूर्वक संपन्न हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!