मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश ने जन संकल्प सम्मेलन मंडी में लाभार्थियों को करोड़ों की सहायता राशि प्रदान की

मण्डी 11 दिसम्बर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस ( ब्यूरो)
मंडी में आयोजित जन संकल्प सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को करोड़ों रुपये की सहायता राशि प्रदान की तथा अनेक विकासात्मक परियोजनाओं का लोकार्पण किया। सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और नवाचार आधारित कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य आम जनता तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और तेज़ी से पहुंचाना है।मुख्यमंत्री ने सामुदायिक राहत केन्द्र राहकोट थुनाग को जनता को समर्पित किया। इसके साथ ही माईडीड पोर्टल, नक्शा योजना, डिजिटली साइनड एवं अपडेटेड जमाबंदी मॉड्यूल तथा भू-नक्शा 5.0 का शुभारम्भ किया।

ग्रामीण बैंक के नए ‘लोगो’ का अनावरण भी इस अवसर पर किया गया। उन्होंने रविंद्र नाथ टैगोर राजकीय महाविद्यालय सरकाघाट में नव-निर्मित बालिका बास्केटबॉल खेल छात्रावास का लोकार्पण किया।राजीव गांधी प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना के 401 लाभार्थियों के खातों में 50.63 लाख रुपये डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित किए गए। चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, लाहौल-स्पिति, सिरमौर, सोलन और ऊना जिलों में आपदा प्रभावितों के लिए 51 करोड़ 1 लाख 22 हजार 700 रुपये की विशेष राहत राशि जारी की। राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना के तहत 25 लाभार्थियों को ई-टैक्सी की सांकेतिक चाबियां प्रदान की गईं, वहीं विदेशों में रोजगार पाने वाले 21 युवाओं को एयर टिकट और वीजा उपलब्ध करवाए गए।

मुख्यमंत्री सुखाश्रय और मुख्यमंत्री शगुन योजना के लाभार्थियों को भी वित्तीय सहायता प्रदान की गई।मुख्यमंत्री कार्प मत्स्य पालन योजना अंतर्गत कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर और ऊना के 10 लाभार्थियों को 10.83 लाख रुपये प्रदान किए गए। मंडी जिले में मधु मांडव विकास योजना के लिए 1.76 लाख रुपये तथा हिमाचल पुष्प क्रांति योजना के लिए भी सहायता राशि जारी की गई। किन्नौर जिले के पांच परिवारों को वन अधिकार अधिनियम के तहत पारम्परिक वन भूमि पर भू-स्वामित्व के प्रमाण पत्र सौंपे गए।

इसके अतिरिक्त श्री निवास रामानुजन स्टूडेंट्स डिजिटल योजना के तहत कक्षा 10वीं व 12वीं के 8,450 मेधावी छात्रों तथा स्नातक अंतिम वर्ष के 900 छात्रों को ई-₹ वाउचर प्रदान किए गए, जिनकी सहायता से वे अपनी आवश्यकता अनुसार लैपटॉप, टैबलेट या स्मार्ट फोन प्राप्त कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल छात्रों को डिजिटल शिक्षा और आधुनिक संसाधनों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
